
बीकानेर: मिलेंगी नई सुविधाएं, ये ट्रैफिक प्लान बढ़ाएगा इतने प्रतिशत यात्रीभार





बीकानेर: मिलेंगी नई सुविधाएं, ये ट्रैफिक प्लान बढ़ाएगा इतने प्रतिशत यात्रीभार
बीकानेर। नवरात्रा और धार्मिक यात्राओं को देखते हुए रोडवेज ने यात्रीभार में 20% इजाफे का लक्ष्य तय किया है। बीकानेर आगार में इस बार ट्रैफिक लोड पहले ही 106% तक पहुंच चुका है, जो पिछले साल की तुलना में ज्यादा है। करणी माता सहित धार्मिक स्थलों की बढ़ती यात्रा और महिला यात्रियों को 50% किराया छूट जैसी सुविधाएं इस बढ़ोतरी का बड़ा कारण मानी जा रही हैं। पिछले साल 1 से 21 सितंबर तक रोडवेज का ट्रैफिक लोड 91% था, जबकि इस साल इसी अवधि में यह बढ़कर 106% हो गया है।
इसमें कांस्टेबल और चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षाओं के चलते आए अतिरिक्त यात्रीभार को भी अहम कारण माना जा रहा है। मुख्य प्रबंधक इंदिरा गोदारा ने बताया कि आने वाले दिनों में नवरात्रा यात्राओं के चलते यह प्रतिशत और बढ़ने की संभावना है। खासकर देशनोक करणी माता और अन्य धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। ऐसे में रोडवेज ने 100% से भी ज्यादा ट्रैफिक लोड को प्रबंधित करने की तैयारियां अभी से कर ली हैं। महिला यात्रियों को पहले से किराए में 50% की छूट मिल रही है, जिससे महिला यात्री संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा रोडवेज में इंश्योरेंस सुविधा और कुशल चालक-परिचालक भी यात्रियों के भरोसे का कारण बने हुए हैं।
वर्तमान में बीकानेर आगार से 100 से अधिक बसें संचालित हो रही हैं। वहीं, आने वाले दिनों में पांच नई बसें भी आगार को मिलने वाली हैं, जिसकी स्वीकृति मुख्यालय से हो चुकी है। रोडवेज प्रशासन का मानना है कि यात्रियों की संख्या बढ़ने के बावजूद सभी को समय पर और सुरक्षित परिवहन उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है।

