
शहर कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में यह आधा दर्जन नेता






जयपुर। प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति की बाद प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी को लेकर मंथन चल रहा है, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने जल्द कार्यकारिणी घोषित करने के संकेत दिए हैं। प्रदेश कार्यकारिणी के साथ ही कांग्रेस जिलाध्यक्षों के चल रहा है।
इसी बीच जिलाध्यक्षों में सबसे प्रमुख माने जाने जयपुर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष के लिए भी दौड़ शुरू हो गई है। शहर कांग्रेस के आधा दर्जन से ज्यादा नेता शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल हैं। इनमें कांग्रेस पार्टी के दो विधायक भी शामिल हैं। अध्यक्ष बनने के लिए शहर कांग्रेस के आधा दर्जन नेता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से लेकर पार्टी के आला नेताओं के यहां भी लॉबिंग कर चुके हैं।
ये नेता शामिल हैं दौड़ में दरअसल जयपुर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए जो नेता दौड़ में हैं उनमें जयपुर लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी रहीं ज्योति खंडेलवाल, गिरिराज गर्ग, वरिष्ठ नेता आर.आर. तिवाड़ी, विधायक अमीन कागजी, सांगानेर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे पुष्पेंद्र भारद्वाज, और कांग्रेस नेता सुनील शर्मा शामिल हैं। ज्योति खंडेलवाल जयपुर की मेयर और प्रदेश कांग्रेस की महामंत्री रह चुकी हैं, जयपुर में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए वे जयपुर शहर अध्यक्ष बनने की दौड़ में हैं।
वहीं वरिष्ठ नेता आर.आर. तिवाड़ी भी पिछले 35 साल से जयपुर शहर कांग्रेस में चर्चित चेहरा रहे हैं। वे जयपुर शहर अध्यक्ष बनने के लिए मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी के आला नेताओं के यहां भी दस्तक दे चुके हैं। इसके अलावा किशनपोल से विधायक अमीन कागजी भी अध्यक्ष बनने की दौड़ में हैं, उनके पिता दिवंगत सलीम कागजी लंबे समय तक जयपुर शहर के अध्यक्ष रहे हैं। पीसीसी के महामंत्री रहे गिरिराज गर्ग भी इस रेस में शामिल हैं, वे पिछले 15 सालों से प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में पदाधिकारी बनते आ रहे हैं। उनके पास संगठन का लंबा अनुभव है।
जयपुर के शिक्षाविद और कांग्रेस नेता सुनील शर्मा भी अध्यक्ष बनने के लिए लॉबिंग कर रहे हैं, शर्मा ने विधानसभा चुनाव में हवामहल और लोकसभा चुनाव में भी दावेदारी जताई थी। सुनील शर्मा के भाई सुरेश शर्मा भी जयपुर शहर कांग्रेस के सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रह हैं। इसलिए खास है जयपुर शहर अध्यक्ष का पदजयपुर शहर कांग्रेस के तहत आठ विधानसभा क्षेत्र आते हैं, राजधानी होने के चलते धरने प्रदर्शनों में सबका ध्यान जयपुर शहर कांग्रेस पर ही रहता है, प्रदेश कांग्रेस को मिलने वाले कार्यक्रमों में
अहम रोल जयपुर शहर कांग्रेस का ही होता है। यही नहीं, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के साथ ही अधिकांश प्रशासनिक महकमे भी जयपुर शहर में ही हैं।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित होने वाले धरने प्रदर्शनों में अन्य जिलों के मुकाबले सबसे ज्यादा भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी जयपुर शहर कांग्रेस पर ही होती है।
ऐसे में जयपुर शहर कांग्रेस का पद काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। जयपुर शहर कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास गहलोत मंत्रिमंडल में परिवहन मंत्री हैं। गौरतलब है पार्टी आलाकमान ने सचिन पायलट को पीसीसी अध्यक्ष पद से हटाकर गोविंद सिंह डोटासरा को अध्यक्ष बनाने के साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी और जिलों की कार्यकारिणी को भंग कर दिया था।


