
बीकानेर: सड़कों पर नहीं दिखेगा कचरा, इतने करोड़ की लागत से तैयार होंगे ये खास कचरा पात्र





बीकानेर: सड़कों पर नहीं दिखेगा कचरा, इतने करोड़ की लागत से तैयार होंगे ये खास कचरा पात्र
बीकानेर. नगर निगम क्षेत्र में अब सड़कों पर कचरे के ढेर नजर नहीं आएंगे। निगम दस स्थानों पर अर्द्ध भूमिगत कचरा पात्रों को तैयार करवाएगा। कचरा संग्रहण केन्द्र पर एकत्र और बिखरा रहने वाला कचरा अब इन कचरा पात्रों में डाला जाएगा। निगम की ओर से करीब एक करोड़ रुपए की लागत से बीकानेर पूर्व और बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में पांच -पांच ऐसे अर्द्ध भूमिगत कचरा पात्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए निगम ने प्रक्रिया को प्रारंभ कर दिया गया है। निगम क्षेत्र में दस स्थानों पर स्थापित किए जा रहे अर्द्ध भूमिगत कचरा पात्रों के लिए स्थान तय करने की कवायद को भी शुरू कर दिया गया है। निगम की ओर से ऐसे स्थान तय किए जाएंगे, जहां कचरे की मात्रा अधिक हो, मुय मार्ग के नजदीक कचरा कलक्शन सेंटर हो, अर्द्ध भूमिगत कचरा पात्रों तक आसानी से निगम संसाधन पहुंच सके और कचरा का परिवहन किया जा सके। निगम की ओर से रोशनीघर चौराहा, पूगल फांटा बस स्टैण्ड के पास, गंगानगर रोड जल भवन के पास सहित कई स्थानों को चिह्नित करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यह होगा फायदा
निगम की ओर से जिन दस स्थानों पर अर्द्ध भूमिगत कचरा पात्र स्थापित किए जाएंगे, वहां सड़क पर कचरे व गंदगी का फैलाव समाप्त हो जाएगा। कचरे पर पशु व कुत्ते मंडराते नजर नहीं आएंगे। कचरे व गंदगी के सड़कों पर नहीं फैलने से मार्ग स्वच्छ नजर आएगा और लोग परेशान नहीं होंगे। कचरे को सीधे कचरा पात्र में ही डाला जाएगा। इस कचरे को कचरा परिवहन वाहन के माध्यम से डंपिंग यार्ड तक लेकर जाएंगे।

