
एक महीने तक नहीं होंगे मांगलिक कार्य,14 मार्च से खरमास शुरू, 20 से अधिक बन रहे शुभ योग





एक महीने तक नहीं होंगे मांगलिक कार्य,14 मार्च से खरमास शुरू, 20 से अधिक बन रहे शुभ योग
खुलासा न्यूज़। धुलंडी के साथ ही 14 मार्च से खरमास शुरू हो गया है, जो 14 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान विवाह, यज्ञोपवीत और गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्य नहीं होंगे। खरीदारी पर कोई रोक नहीं है। खरमास के दौरान 20 से अधिक शुभ योग बन रहे हैं, जिनमें वाहन, सोना-चांदी, मकान और इलेक्ट्रॉनिक्स की खरीदी शुभ मानी जाती है।
ज्योतिषाचार्य डॉ. महेन्द्र मिश्रा ने बताया- इस अवधि में त्योहारों की अधिकता रहती है, इसलिए खरीदारी की जा सकती है। सोना-चांदी या अन्य कीमती वस्तुएं खरीदने के बाद भगवान विष्णु के समक्ष रखकर हल्दी और अक्षत चढ़ाने से किसी भी प्रकार का दोष नहीं रहता।
14 अप्रैल तक नहीं होंगे मांगलिक कार्य
खरमास को मलमास भी कहा जाता है। इस दौरान शादी-विवाह जैसे शुभ कार्य नहीं किए जाते। इस बार होलाष्टक और खरमास एक साथ पड़ रहे हैं, जिससे करीब सवा महीने तक मांगलिक कार्यों पर रोक रहेगी। हालांकि इस दौरान आने वाले त्योहारों को परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा और उन पर इस संयोग का असर नहीं होगा।
सूर्य के राशि परिवर्तन से शुरू हुआ खरमास
खरमास तब लगता है जब सूर्य धनु या मीन राशि में प्रवेश करता है। आज शाम 6:50 बजे सूर्य मीन राशि में प्रवेश करेगा, जिससे खरमास शुरू हो गया है और यह 14 अप्रैल की रात 10:36 बजे समाप्त होगा। पुराने रीति-रिवाजों के अनुसार, इस दौरान शुभ कार्य करना वर्जित माना जाता है।


