
युवक ने अपने घर लगा डाली अफीम की खेती पुलिय ने दबिश देकर पकड़ा






हनुमानगढ़। जिले की संगरिया पुलिस ने गांव मोरजंड सिखान में एक घर में उगाए गए अफीम के 250 पौधे बरामद एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जिले की संगरिया पुलिस ने गांव मोरजंड सिखान में घर में अफीम की खेती का भंडाफोड़ करते हुए अफीम के 250 पौधे बरामद किए हैं। इसके साथ ही एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक मूलत: पंजाब के बठिंडा क्षेत्र का निवासी है। वह मोरजंड सिखान में अपनी मौसी के यहां रहकर चोरी छिपे घर की चारदीवारी में अफीम की खेती कर रहा था। संगरिया पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे की जांच टिब्बी पुलिस को सौंपी है।
जानकारी के अनुसार संगरिया पुलिस को गुरुवार रात मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि गांव मोरजंड सिखान में अपनी मौसी मूर्ति उर्फ सुखजीत कौर के पास रहने वाला अजयवीर सिंह नाम का युवक घर में अफीम की खेती कर रहा है। मुखबिर की सूचना पर संगरिया पुलिस थाना प्रभारी सुभाष चन्द्र कच्छावा के नेतृत्व में गठित टीम ने मूर्ति उर्फ सुखजीत कौर के घर दबिश दी तो घर में बनी क्यारी में अफीम के 250 पौधे लगे हुए थे।
पुलिस ने मौके से अफीम के पौधे जब्त कर अजयवीर सिंह (19) पुत्र कालासिंह मजहबी निवासी वार्ड 7, मोड वाला चौक रामपुरा फूल जिला बठिंडा पंजाब हाल मोरजंड सिखान को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच टिब्बी पुलिस थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार इस मामले में अजयवीर सिंह की मौसी मूर्ति उर्फ सुखजीत कौर की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है।


