Gold Silver

कुछ न कुछ देने की कोशिश में जुटे हैं शहरवासी, हर तरफ दान-पुण्य का सैलाब

खुलासा न्यूज,बीकानेर। मकर संक्रांति पर जिलेभर में हर बार की तरह इस बार भी दान पुण्य का सैलाब उमड़ता देखा गया। बुधवार से ही शहर में जगह जगह दान पुण्य का सिलसिला नजऱ आ रहा है। बुधवार को अमावस्या पर दान हुआ तो इससे कई गुना ज्यादा दान पुण्य मकर संक्रांति पर गुरुवार को नजर आया। सर्वाधिक दानी लोग लक्ष्मीनाथ मंदिर पर नजऱ आये। जहां कतारबद्ध बैठे लोगों को अन्न, गर्म कपड़े, तिल, जौ, तेल, घरेलू सामान तक दिए गए। मुख्य द्वार के ठीक पास लोग सुबह सवेरे ही पहुंच गए। लेने वाले भी बड़ी संख्या में है तो देने वाले भी आज कम नहीं है। सूर्योदय से पहले ही दानदाता आज मंदिर पहुंच गए। खासकर महिलाएं थैलों में सामान भरकर लाई और यहां बांटकर थैले खाली कर दिए। इन महिला दानदाताओं के चेहरों पर आज कुछ न कुछ देकर सुकून नजर आया। अधिकांश महिलाओं ने जरूरी सामान दिया। कुछ महिलाओं ने तो अन्न के साथ साथ तेल, घी, बिस्तर तक लोगों को दिए। कल अमावस्या पर दान करने के बाद महिलाएं दूसरे दिन भी दानपुण्य के मैदान में डटी रही।
पिंजरा पोल गौशाला
लक्ष्मीनाथ मंदिर के पास ही स्थित पिंजरापोल गौशाला में भी सक्रांति पर भीड़ नजऱ आई। बीकानेर में गायों को चारा देना बड़ा पुण्य माना जाता है। ऐसे में गायों को चारा देने वाले लगभग हर बड़े चौराहे पर नजर आये। पिंजरापोल गौ शाला में तो लोग नियमित रूप से कुछ न कुछ देते रहते हैं लेकिन गुरुवार को यह संख्या सर्वाधिक रही। लोग हरा चारा मंदिर से ही फैंकते नजर आये।
चारा वितरण
पिछले कुछ सालों में ऐसे कई प्वाइंट बन गए हैं, जहां लोग गायों को चारा देते हैं। कुछ लोग बकायदा यह काम रोजगार के रूप में कर रहे हैं। ईदगाह के पास ही गायें इधर-उधर से पहुंच जाती है, जिन्हें चारा देने के लिए लोग आते हैं। कुछ लोग यहां दस रुपए से सौ रुपए तक का चारा हाथों हाथ गायों को खिलाने का काम करते हैं।सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के पास, तुलसी सर्किल के पास भी बड़ी संख्या में लोग गायों को चारा खिलाते हैं। यहां भी कुछ गाय लेकर आते हैं और चारा बेचते हैं। कारों में आने वाले लोग अंदर बैठे-बैठे ही दस से बीस रुपए तक देते हैं। चारे के हाथ लगाते हैं और गाय को डलवाते हैं।
पीबीएम अस्पताल
उधर, पीबीएम अस्पताल में भर्ती गरीब लोगों को भोजन देकर पुण्य कमाने का सिलसिला भी चल रहा है। बड़ी संख्या में लोग गुप्त दान करके सस्ता भोजन दे रहे लोगों को रुपए दे आते हैं। इसी तरह शहर के कई वृद्ध आश्रम सहित अन्य स्थानों पर धन राशि देकर पुण्य कमाने की कोशिश करते हैं।

Join Whatsapp 26