टॉप करने वाली लड़कियों के पुरस्कार की योजना को घटाया, नहीं मिलेगी स्कूटी, पैसे भी हुए कम

टॉप करने वाली लड़कियों के पुरस्कार की योजना को घटाया, नहीं मिलेगी स्कूटी, पैसे भी हुए कम

खुलासा न्यूज नेटवर्क। प्रदेश के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 8वीं,10वीं और 12वीं में जिला स्तर पर टॉप करने वाली लड़कियों के पुरस्कार की योजना को घटा दिया है। लड़कियों को अब पुरस्कार में 15 से 25 हजार रुपए कम मिलेंगे। इतना ही नहीं सरकार ने इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी पुरस्कार का नाम दोबारा पद्माक्षी कर दिया है। इस योजना के तहत मिलने वाली स्कूटी भी नहीं मिलेगी। शनिवार को माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा विभाग की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।

बालिका शिक्षा फाउंडेशन की ओर से जारी आदेशों के अनुसार हर साल बसंत पंचमी पर जिला स्तर पर ये अवॉर्ड मिलते हैं। जिले में पहला स्थान प्राप्त करने वाली लड़कियों को अवॉर्ड दिया जाएगा। इसके साथ ही राज्य में संस्कृत शिक्षा विभाग के तहत संचालित स्कूल और विवेकानंद स्कूल की छात्राओं को अलग से अवॉर्ड जाता है। व्यवसायिक शिक्षा में दसवीं और बारहवीं में जिले की टॉपर लड़कियों को भी अवॉर्ड मिलेगा। आदेशों के अनुसार लड़कियों को टॉपर होने के साथ न्यूनतम 60 प्रतिशत नंबर लाने जरूरी होंगे। स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल की कक्षा 12 वीं (विज्ञान वर्ग) में 9 सीजीपीए से अधिक नंबर आने जरूरी है।

आदेशों के अनुसार अगले सत्र में ये अवॉर्ड दिया जाएगा, लेकिन इस बार से पैसे कम होंगे। 8वीं क्लास की लड़कियों को पहले 40 हजार रुपए दिए जाते थे, लेकिन अब 25 हजार मिलेंगे। वहीं 10वीं की लड़कियों को 75 हजार की जगह 50 हजार और 12वीं की लड़कियों को 1 लाख की जगह 75 हजार ही मिलेंगे। इसके अलावा 12वीं क्लास की लड़कियों को पिछले साल तक 1 लाख रुपए के साथ स्कूटी भी दी जाती थी। इस बार स्कूटी नहीं मिलेगी।

दरअसल, इस योजना की शुरुआत 2008 में कांग्रेस सरकार में की गई थी। भाजपा सरकार में छात्राओं को सत्र 2017-18 से पद्माक्षी पुरस्कार दिया गया था। कांग्रेस सरकार ने साल 2019 में इसका नाम बदलकर इंदिरा प्रियदर्शिनी अवॉर्ड कर दिया गया था। इंदिरा गांधी के जन्मदिन पर 19 नवंबर को जिला मुख्यालय पर समारोह आयोजित कर यह पुरस्कार दिया जाने लगा था।
अब भाजपा सरकार ने इस योजना को दोबारा पद्माक्षी योजना कर दिया है। वहीं अब ये कार्यक्रम 19 नवंबर की जगह बसंत पंचमी पर होगा।
इसके लिए हर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने जिले की आठवीं, दसवीं और बारहवीं क्लास के इन आठ वर्गों के टॉपर गर्ल्स की लिस्ट तैयार करेंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की उप निदेशक सुनीता चावला ने बताया कि पद्माक्षी योजना की राशि में इस बार परिवर्तन किया गया है।

Join Whatsapp
टी.एन.ज्वैलर्स हॉलमार्क ज्वैलरी शोरूम बाबूजी प्लाजा मो 800355555 जेवराती सोना 20 कैरट 88300 रेट , 22 कैरट 93900 चांदी 113000 |टी.एन.ज्वैलर्स हॉलमार्क ज्वैलरी शोरूम बाबूजी प्लाजा मो 800355555 जेवराती सोना 20 कैरट 88300 रेट , 22 कैरट 93900 चांदी 113000 |