
बीकानेर सं./ जवान ने खुद को गोली मारकर किया सुसाइड, कल होगा पोस्टमार्टम






खुलासा न्यूज़ , बीकानेर संभाग । एयरफोर्स जवान ने मंगलवार सुबह खुद के गोली मारकर सुसाइड कर लिया। वह ड्यूटी से सुबह अपने क्वार्टर में लौटा था। गोली की आवाज सुनकर बाकी जवान पहुंचे और अधिकारियों को जानकारी दी। सिटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को हॉस्पिटल लेकर गए।
मामला श्रीगंगानगर में सूरतगढ़ वायु सेना स्टेशन का है। जवान 47 साल के करण सिंह पुत्र पूर्ण सिंह यादव नागौर जिले की मेड़ता तहसील के दादावड़ी का रहने वाला था। वर्तमान में सूरतगढ़ एयरफोर्स स्टेशन के डिफेंस सिक्योरिटी कोर में काम करता था।
सिटी थाने के एएसआई बिरजू सिंह ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे पुलिस को वायु सेना की ओर से मामले की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। शव को सूरतगढ़ के सरकारी हॉस्पिटल में रखवाया गया है। एएसआई ने बताया कि जवान ड्यूटी के बाद आज सुबह 8 बजे गार्ड रूम में पहुंचा था। मंगलवार सुबह खुद की सर्विस राइफल से ही गले में गोली मार ली थी। मामला सेना क्षेत्र का होने के चलते विभिन्न प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोपहर करीब 3 बजे शव को सरकारी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया।
एएसआई ने बताया कि हवलदार गुमान सिंह ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके सूरतगढ़ आने के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। सुसाइड के कारण का पता नहीं चला है। मृतक करण सिंह का बेटा भी एयरफोर्स में ही है। उसकी पोस्टिंग गुवाहाटी में है।


