
मलबे में दबकर मजदूर की मौत सीढ़ी फिसली और पास पड़ा मलबा मजदूर पर गिरा





श्रीगंगानगर। जिले के श्रीबिजयनगर में बुधवार सुबह मलबे में दबने से मजदूर की मौत हो गई। मजदूर मलबे के पास सीढ़ी पर चढक़र मरम्मत का काम कर रहा था। इसी दौरान सीढ़ी फिसली और पास पड़ा मलबा मजदूर पर आ गिरा। घायल मजदूर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मेहनत मजदूरी कर गुजरा करता था मृतक
हादसे में मारा गया युवक रामदेव (27 ) श्रीबिजयनगर के आनंद नगर वार्ड सात का रहने वाला था। वह बुधवार सुबह डाडा पम्माराम कॉलेज में मजदूरी के लिए आया था। उसे कॉलेज के एक कमरे की मरम्मत का काम करना था। वह जहां काम कर रहा था उसके पास ही एक मलबे का ढेर था। रामदेव ने काम की शुरुआत में सीढ़ी लगाई और इस पर चढ़ गया। कुछ देर काम करने के बाद सीढ़ी अचानक फिसल गई। इससे मजदूर रामदेव नीचे आ गिरा। वह कुछ संभल पाता। इससे पहले ही पास में पड़ा मलबे का ढेर उस पर आ गिरा। इससे वह गंभीर घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार के साथ वार्ड सात में रहता था रामदेव
रामदेव श्रीबिजयनगर का ही रहने वाला है। वह परिवार के साथ कस्बे के वार्ड सात में रहता था। मजदूर की मौत की सूचना मिलते ही तुरंत कॉलेज प्रबंध समिति के पदाधिकारियों को बुलाया गया। मजदूर के परिवार के लोगों को हादसे की सूचना दी गई। परिवार के लोग मौक पर पहुंचे। शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। इसे पुलिस कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


