
खेजड़ी पर फिर चली वन माफियाओं की आरी, जीव रक्षा संस्थान व वन प्रेमियों में आक्रोश







खुलासा न्यूज, बीकानेर। जिले में खेजड़ी के पेड़ों की अवैध कटाई रूकने का नाम नहीं ले रही। खेजड़ी की कटाई के विरोध में अनेक विरोध-प्रदर्शन व धरने हो चुके है, फिर भी पेड़ों की कटाई अंधाधूंध जारी है। मंगलवार को छत्तरगढ़ क्षेत्र से खेजड़ी के पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। यहां श्याम एकादशी के दिन भी वन माफियाओं ने खेजडिय़ों पर आरी चला दी, जिससे पर्यावरण प्रेमियों में आक्रोश है। जीव रक्षा संस्थान और वन प्रेमियों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन से अवैध कटान पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वन विभाग की अनदेखी के चलते माफिया बेखौफ होकर सैकड़ों खेजड़ी के पेड़ काट रहे हैं। बीती रात भी कई पेड़ों को काट दिया गया, जिसका खुलासा सामाजिक कार्यकर्ता के कैमरे ने किया। वन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिन-रात अवैध कटान कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है। दरअसल, खेजड़ी का पेड़ राजस्थान की जलवायु के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह न केवल मिट्टी को उपजाऊ बनाता है बल्कि सूखे के समय में भी जीव-जंतुओं और इंसानों के लिए अमूल्य संसाधन साबित होता है। वन प्रेमियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने अवैध कटान को रोकने के लिए कड़े कदम नहीं उठाए, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


