हरियाणा के युवक से दिल लगाने वाली नागौर की आयशा का अंत - Khulasa Online हरियाणा के युवक से दिल लगाने वाली नागौर की आयशा का अंत - Khulasa Online

हरियाणा के युवक से दिल लगाने वाली नागौर की आयशा का अंत

नागौर की आयशा हरियाणा के युवक को दिल दे बैठी। निकाह भी हुआ। परिजनों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा मांगी तो यमुनानगर (हरियाणा) पुलिस ने सेफ हाउस में रखा। अफसोस, नागौर पुलिस के साथ परिजन उससे मिलने पहुंचे तो सेफ हाउस में पंखे से लटकी आयशा की लाश मिली। उधर, जहर देकर मारने की अफवाह फैली तो पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से सफाई भी देनी पड़ी है।

यह है मामला

नागौर शहर के बाजरवाड़ा इलाके से 5 दिन पहले आयशा लापता हो गई थी। आयशा ने यहां से निकलने के बाद अंबाला (हरियाणा) निवासी अपने प्रेमी कलीम अंसारी से यमुनानगर में काजी की मौजूदगी में निकाह भी कर लिया था। इसके बाद यमुनानगर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। आयशा और कलीम अंसारी को जगादरी पुलिस थाने के सेफ हाउस के अलग-अलग कमरों में रखा गया था।

नागौर कोतवाली पुलिस को मिली जानकारी

नागौर कोतवाली पुलिस को आयशा के बारे में जानकारी मिली। परिजनों के साथ पुलिस टीम को विवाहिता को सौंपने के लिए हरियाणा के जगादरी थाने भेजा गया था। मंगलवार को कोतवाली पुलिस टीम व आयशा के परिजन जगादरी पहुंचे। जगादरी पुलिस टीम की मौजूदगी में थाने के सेफ हाउस में आयशा के कमरे को खोला गया। आयशा वहां फंदे से लटकी हुई मिली। इसके बाद उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में मौके का वीडियोग्राफी कराकर शव को यमुनानगर अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। अब परिजनों व पुलिस टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। कोतवाली थाना पुलिस टीम के साथ परिजन शव लेकर यमुनानगर से नागौर के लिए रवाना हो गए है।

उड़ी अफवाह
आयशा की मौत के बाद नागौर शहर में जहर देकर मारने की अफवाल फैली। इसके बाद नागौर जिला पुलिस की आईटी टीम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से ट्विट कर इसका खण्डन किया और कहा कि आयशा की मौत पंखे से लटककर होना ही बताया गया है।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26