Gold Silver

डॉक्टर ने  दीपा को बैंक मैनेजर बताकर रखा, पत्नी से छिपाई बात;  आरोपी का जीजा गिरफ्तार

भरतपुर के नीम दा गेट के पास शुक्रवार शाम को सरे आम डॉक्टर सुदीप गुप्ता और उनकी पत्नी सीमा को ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या करने वाला अनुज और उसका साथी महेश का 36 घंटे बाद भी सुराग नहीं लगा है। वहीं, आरोपी अनुज के जीजा दौलत उर्फ भोलू पहलवान व निर्भान सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस बीच शनिवार को एक ही चिता पर डॉक्टर दंपती के शवों का अंतिम संस्कार किया गया। दो साल में चार जिंदगियों की दर्दनाक मौत से जुड़ा पूरा मामला डॉक्टर सुदीप और उनकी पत्नी के क्लीनिक में रिसेप्शनिस्ट रह चुकी दीपा गुर्जर उर्फ रिया के बीच अफेयर, उसकी जलाकर हत्या और हत्या का बदला लेने के लिए होना सामने आ रहा है।

डॉक्टर सुदीप ने दीपा को बैंक मैनेजर बताकर महीनों तक विला में रखा, पत्नी ने छिपाए रखी जानकारी
दीपा की मौत के बाद गिरफ्तार हुई डॉक्टर सीमा ने पूछताछ में बताया था कि उन्होंने भरतपुर के पॉश इलाके में सूर्या सिटी में एक महंगा विला (मकान) खरीदा था। डॉक्टर सुदीप ने यह विला अपनी कथित प्रेमिका दीपा गुर्जर (25) को रहने के लिए दिया था। इसमें वह अपने छह साल के बेटे शौर्य के साथ करीब आठ-दस महीने तक रही। विला में दीपा के रहने की बात उनके पति डॉक्टर सुदीप ने छिपा रखी थी। सुदीप ने बताया था कि एक बैंक मैनेजर को विला किराए पर दे दिया है। आसपास के लोगों के मुताबिक डॉक्टर सुदीप खुद अक्सर वहां आते जाते थे और वक्त बिताते थे। लेकिन, डॉ. सीमा कई महीनों तक वहां नहीं गई।स्पा सेंटर के निमंत्रण पत्र में डॉक्टर सुदीप का नाम छपा होने पर हुआ खुलासा
डॉ. सीमा ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि उनके महंगे विला में रह रही दीपा गुर्जर ने 1 नवंबर 2019 को विला में आयशा सैलून एंड स्पा सेंटर खोला था। इसके निमंत्रण पत्र में दीपा ने डॉक्टर सुदीप का नाम भी छपवाया था। तब डॉक्टर सीमा को पति सुदीप के दीपा से ताल्लुक बनाए रखने का पता चला। वह यह बर्दाश्त नहीं कर सकी और 7 नवंबर को दीपा को सबक सिखाने अपनी सास को लेकर सूर्या सिटी स्थित विला पहुंच गई। वहां दीपा और डॉक्टर सीमा के बीच तकरार हुई।

आरोप है कि डॉक्टर सीमा अपने साथ स्प्रिट की बोतल लेकर गई थी। तैश में आकर उन्होंने घर में स्प्रिट छिड़ककर आग लगा दी। दीपा और शौर्य को घर में बंद कर दिया और खुद अपनी सास को लेकर बाहर आ गई। इस बीच चंद ही मिनटों में आग ने विला को चपेट में ले लिया। इससे दीपा और उसके 6 साल के बेटे शौर्य की जलकर मौत हो गई। घटना के बाद लोगों ने पुलिस को बताया कि उस दिन भी गुरुवार सुबह डॉक्टर सुदीप अपने विला पर आए थे। वे यहां दीपा से मिले और कुछ देर बाद चले गए।

रसोईघर में बंद दीपा ने डॉक्टर सुदीप को भी किया था फोन
भरतपुर शहर के ही RBM हॉस्पिटल में डॉक्टर सुदीप ने 7 नवंबर 2019 को हुई घटना के बाद पूछताछ में बताया कि वह दोपहर में कोर्ट में एविडेंस पर गए थे। तब उनको दीपा गुर्जर का फोन आया। उसने बताया कि उनकी पत्नी डॉक्टर सीमा व मां उनके विला पर पहुंच गई है। वे झगड़ा कर रही हैं और दीपा को रसोईघर में बंद कर दिया है। यह कहकर दीपा ने सुदीप को तत्काल वहां बुलाया।

इसके बाद डॉ. सुदीप ने अपनी पत्नी सीमा से मोबाइल पर बातचीत की। तब सीमा ने खुद के वहीं होने की बात कही। इसी बीच रसोइघर में बंद दीपा ने अपने भाई अनुज को फोन किया। वहीं, डॉक्टर सुदीप के मुताबिक दीपा व सीमा से मोबाइल फोन पर बातचीत के बाद वे तत्काल कोर्ट से सूर्या सिटी अपने विला पर पहुंचे। तब वहां आग की लपटें उठ रही थीं।

Join Whatsapp 26