
36 साल पहले हुए रूप कंवर सती महिमामंडन कांड में आया कोर्ट का फैसला, मामले में थे कुल 45 आरोपी






खुलासा न्यूज नेटवर्क। राजस्थान में 36 साल पहले सीकर जिले के दिवराला गांव में हुए रूप कंवर सती महिमामंडन कांड में बुधवार को कोर्ट ने फैसला सुनाया। इस मामले में 8 आरोपियों को बरी कर दिया है। मामले में कुल 45 आरोपी थे। इनमें से 25 आरोपियों को कोर्ट ने 2004 में बरी कर दिया था। 4 फरार हैं। वहीं मामले के शेष आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है। दरअसल, 4 सितंबर 1987 को दिवराला गांव में 18 साल की रूप कंवर अपने पति की चिता पर जलकर सती हो गई थीं। भारत में सती होने का यह आखिरी मामला था। रूप कंवर के सती होने के बाद दिवराला में उनकी तेरहवीं पर चुनरी महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसमें लाखों लोग शामिल हुए थे। एक साल बाद रूप कंवर की पहली बरसी पर सती का महिमामंडन करते हुए जुलूस निकाला गया था। तब 45 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस घटना ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा था, क्योंकि 158 साल पहले दिसंबर 1829 में ब्रिटिश राज के दौरान ही सती प्रथा पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।


