
सुखदेव सिंह हत्याकांड में शामिल शूटर के साथी ने किया आत्मदाह का प्रयास






खुलासा न्यूज,बीकानेर।
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामड़ी पर फायरिंग करने वाले शूटर नितिन फौजी के साथी कुलदीप ने सुसाइड की कोशिश की। बदमाश कुलदीप ने नारनौल जिला जेल में ब्लेड से गला काटकर अपनी जान देने का प्रयास किया। पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है।
पुलिस के मुताबिक, कुलदीप सुखदेव सिंह गोगामड़ी हत्याकांड में मुख्य आरोपी नितिन फौजी का साथी है। पुलिस ने गोगामड़ी हत्याकांड मामले में कुलदीप को नारनौल जिला जेल में बंद कर रखा है। कुलदीप के खिलाफ महेंद्रगढ़ सदर में मामला दर्ज है। वह रिवाजा गांव का रहने वाला है। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उसने जेल में ब्लेड से अपना गला काट लिया। जेल की बैरक में खून के निशान देखकर जेल प्रहरियों ने देखा तो कुलदीप के गला काटने की बात पता चली। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हडक़ंप मच गया। उसे तुरंत नागरिक हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टर्स ने उसे गंभीर हालत में रोहतक हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जयपुर के गोगामेड़ी हत्याकांड के मुख्य शूटर आरोपी नितिन फौजी ने 9 नवंबर को महेंद्रगढ़ के गांव खुडाना में पुलिस टीम पर हमला किया था। खुद की गाड़ी से पुलिस की जीप को टक्कर मारने के बाद फायरिंग कर भाग गए थे। पुलिस टीम पर कातिलाना हमले को लेकर महेंद्रगढ़ सदर थाने थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। नितिन फौजी के साथ वारदात में कुलदीप भी शामिल था। पुलिस टीम ने कुलदीप को अरेस्ट कर नारनौल जिला जेल भेजा था।


