
शहर की पानी निकासी की व्यवस्था ने फिर किया निराश, थोड़ी सी बारिश में जगह-जगह ठहर गया पानी, कैसे यह शहर बनेगा स्मार्ट सिटी?





खुलासा न्यूज, बीकानेर। मंगलवार शाम को बीकानेर हल्की बारिश हुई। इतनी कम बारिश के बावजूद शहर में जगह-जगह पानी ठहरा हुआ नजर आया। इसे यूं कहे कि शहर की पानी निकासी की व्यवस्था ने आमजन को एक बार फिर निराश किया। जगह-जगह ठहरे पानी आवाजाही में परेशानी बना। सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भरे जाने के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि शहर में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब ऐसे हालात बने हो, हर बारिश में होता है। सवाल यह है कि इतनी कम बारिश में भी ये हालात बनेंगे तो तेज बारिश में क्या परिस्थतियां बनेगी। शहर की जनता आखिर कब तक इन हालातों से गुजरेगी, इस अव्यवस्था में क्या कोई सुधार की गुंजाइश है ही नहीं?
एक ओर सरकार व प्रशासन शहर के स्मार्ट सिटी बनाने के दावे कर रहे है, परंतु क्या इन हालातों में यह शहर कभी स्मार्ट सिटी बन पाएगा। कागजों में भले ही इसे स्मार्ट सिटी घोषित कर दें, लेकिन धरातल आज भी लोग समस्याओं से जूझ रहे है। यूआईटी से शहर बीडीए बन गया, इस श्रेणी में प्रदेश के 10 से 12 जिले ही आते है, लेकिन विकास के रूप में बीकानेर शहर आज भी वैसा ही जैसे आज से दस साल पहले थे। जिसमें सुधार के लिए न तो जनप्रतिनिधि प्रयास कर रहे और न यहां का प्रशासन। अधिकारी बदलते है, सरकारें बदलती है, लेकिन शहर के हालात नहीं बदल रहे।


