
बीकानेर की ओर आ रही है गाड़ी, जिसमें चार-पांच हैं बदमाश! फिल्मी स्टाइल में दौड़ी पुलिस की गाडिय़ां, किए फायर, जानिए पूरी खबर






खुलासा न्यूज, बीकानेर। चुरू डीएसटी की गाड़ी को टक्कर मारकर सफेद स्विफ्ट कार नंबर आरजे 07 टीए 4559 बीकानेर की तरफ आई है, जिसमें 4-5 बदमाश हैं। ऐसी सूचना मिलते ही बीकानेर पुलिस एक्टिव हो गई। पुलिस ने चारों ओर नाकेबंदी करवाई। बीछवाल पुलिस की नाकाबंदी देख कार वापिस घुमा ली। डीएसटी व मनोज शर्मा मय बीछवाल पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। देशनोक पुलिस को कंट्रोल ने सूचना दी। थानाधिकारी संजय सिंह मय जाब्ते ने देशनोक में नाकाबंदी लगाई। देखते ही देखते पीछा कर रहे पुलिस वाहन को बदमाशों ने दो बार टक्कर मारी। पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। संजय सिंह ने आत्मरक्षा में तीन हवाई फायर किए। फायर से घबराकर बदमाशों ने कार रोक ली। संजय सिंह मय टीम ने तेजी से बदमाशों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान भादला, पांचू बीकानेर निवासी 30 वर्षीय राजूराम पुत्र रामलाल जाट व चम्पासर, भोजासर जोधपुर निवासी 34 वर्षीय गणेशाराम पुत्र भैराराम जाट के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ राजकार्य में बाधा व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।
इन्होंने की कार्यवाही
संजय सिंह मय टीम में एएसआई रणजीत सिंह, कांस्टेबल श्यामसुंदर 1812, कांस्टेबल सुनील 1026 व डीआर नोपसिंह 692 शामिल थे।


