
अचानक कलक्टर परिसर में पुलिस ने क्या बरसाई लाठियां, दो जनों के हाथ व घुटने में आया फ्रैक्चर
















अचानक कलक्टर परिसर में पुलिस ने क्या बरसाई लाठियां, दो जनों के हाथ व घुटने में आया फ्रैक्चर
बीकानेर। बीकानेर में सोलर प्लांट को लेकर काटी जा रही खेजड़ी के विरोध में यूथ कांग्रेस ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जब यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास किया तो पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।
इस दौरान दो कार्यकर्ताओं के घुटने और हाथ में गंभीर चोट आई है, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया है। इन दोनों कार्यकर्ताओं के घुटने और हाथ में फ्रैक्चर हुआ है।
पुलिस ने बैरिकेड्स लगा रखे थे
यूथ कांग्रेस की ओर से बुधवार को कलेक्टर को ज्ञापन दिया था कि वे गुरुवार को प्रदर्शन करेंगे। यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी दोपहर करीब 1 बजे यूथ कांग्रेस के नेता कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए थे और आरएसी के जवानों को भी तैनात किया था।
आंदोलनकारी ज्ञापन देने के लिए बेरिकेड्स तोडक़र अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन इन्हें बाहर ही रोक दिया गया। लेकिन, जब कांग्रेस के पदाधिकारी नहीं माने तो पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान भागते हुए कई कांग्रेस नेता सडक़ पर गिर गए तो कई युवाओं पर आरएसी के जवानों ने लाठीचार्ज किया। पैर और कमर में कई नेताओं के चोट आई।
कार्यकर्ताओं को जब रोका गया तो वे पुलिस से उलझते हुए नजर आए।
गिरफ्तार यूथ कांग्रेस नेताओं को पुलिस बीछवाल थाने ले गई है। जहां से अभी तक किसी को रिहा नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के बीकानेर से जोधपुर रवाना होने के बाद ही इन्हें छोड़ा जाएगा।
वहीं यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भंवर कूकणा ने बताया कि इस लाठीचार्ज में मुकनाराम गोदारा के पैर में चोट आई है। घुटने की टखने पर फ्रैक्चर हो गया है। वहीं दूसरे कार्यकर्ता अंकित बिश्नोई के हाथ में फेक्चर हो गया है। दोनों के लिए अस्थि रोग विशेषज्ञ को बुलाया गया है।
खेजड़ी के लिए प्रदर्शन
दरअसल, यूथ कांग्रेस ने अर्से से कलेक्टरी परिसर में धरने पर बैठे पर्यावरण प्रेमियों के लिए प्रदर्शन किया। सोलर कंपनियों की ओर से लगातार खेजड़ी के पेड़ों को काटने के विरोध में यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिसमें बीकानेर शहर व देहात क्षेत्र के यूथ कांग्रेस पदाधिकारी पहुंचे थे।
प्रदर्शन के दौरान लाठी चार्ज में युवाओं को बाद में वहां से गिरफ्तार भी किया गया। यूथ कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष भंवर कूकना, शहर अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, प्रदेश महासचिव फऱमान कोहरी,राजेश गोदारा, आकाश लोहिया, प्रफुल्ल हटीला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शांति बेनीवाल, निरमा मेघवाल, रिछपाल गोदारा, गिरधारीलाल कूकना, सत्तार कोहरी ने गिरफ्तारी दी।

