
अचानक बढ़ी सर्दी, रातें होने लगी ठंडी, बीकानेर में रात का पारा 20 डिग्री से नीचे आया, दिवाली तक और गिर सकता है तापमान






खुलासा न्यूज़ , बीकानेर । बीकानेर में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। अब पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में भी रातें ठंडी होने लगी हैं। इस सीजन में पहली बार जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर में रात का पारा 20 डिग्री से नीचे आ गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में 6 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरा है।
मौसम विशेषज्ञों की माने तो अगले 4-5 दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और दीपावली तक तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिमी से आने वाली हवाओं का विंड पैटर्न सेट हो चुका है। इसलिए राजस्थान, मप्र दिल्ली हरियाणा पंजाब से मानसून विदा हो गया है और मौसम ड्राई रहने लगा है।
पिलानी में कल न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस था, जो आज गिरकर 17.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसी तरह बीकानेर में कल जो तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस था, वह गिरकर आज 17.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।


