Gold Silver

दो धर्मों की सक्सेस लव स्टोरी: पुलिस बनी जानी दुश्मन, जज ने बना दी जोड़ी

28 जनवरी 2022, दिन शुक्रवार। यह हमारी जिंदगी का सबसे अच्छा दिन रहा। इस दिन हाईकोर्ट ने हमारे प्यार पर मुहर लगा दी। आरती के घरवालों और उनके वकील ने हमें अलग करने की पूरी कोशिश की। हमें डराया-धमकाया। आरती को कोर्ट में बयान देने से रोका गया। इस बीच जस्टिस नंदिता दुबे ने मोबाइल पर आरती से बात की। आरती ने दो साल से ढाए जा रहे जुल्म ऑन कैमरा बताए। मेरे साथ रहने की बात कही। ये वो लम्हा है, जो दो साल की नरक भरी जिंदगी के बाद मिला है। शहर से दूर हम खुश हैं…।

मैं गुलजार 8वीं पास हूं। आरती और मेरा घर गोरखपुर (जबलपुर) में एक-दूसरे के पड़ोस में है। आरती 10वीं तक पढ़ी है। चार साल पहले 2018 में हमें प्यार हुआ। हम छुप-छुपकर मिलने लगे। दो साल पहले यानी 2020 में इस रिश्ते की जानकारी दोनों के परिवारों को हो गई। इसके बाद आरती के परिवार की ओर से सख्ती की जाने लगी।

आरती के पापा को हमारा रिश्ता मंजूर नहीं हुआ। आरती की पढ़ाई छुड़ा दी गई। वह अपने ही घर में कैद होकर रह गई। पर, कभी-कभार हम छिपकर मिल लेते थे। मोबाइल पर बात हो जाती थी। आरती के घरवाले उसे पीटते थे। वह ऐसा कई बार कर चुके थे।

हमने शादी का फैसला किया। मेरे घरवाले राजी थे। 2020 में हम जबलपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे। एसडीएम कोर्ट पहुंचे तो वहां आरती के पापा के दोस्त सोनू यादव मिल गए। उन्होंने सारी बात आरती के घर पर बता दी। घरवालों ने आरती की जमकर पिटाई की। आरती के पापा ने उसे उठाकर पटक दिया। उसकी कमर की हड्‌डी में फ्रैक्चर आ गया। वह अलग-अलग हॉस्पिटल्स में महीने भर भर्ती रही। उसे पूरी तरह ठीक होने में एक साल लग गया। 7 दिसंबर को हम दोनों ट्रेन के जरिए जबलपुर से मुंबई के लिए भागे। 28 तारीख को हम दोनों ने सीधे बांद्रा कोर्ट पहुंचकर शादी की। वहां कंचन मैडम ने हमारी मदद की। लीड इंडिया ग्रुप इस तरह की शादी कराने में मदद करता है।12 जनवरी की शाम 4 बजे हमें मदनमहल स्टेशन पर उतारा गया। जीप से सोनू और आरती के घरवाले भी पीछे-पीछे आ गए। ओमती थाने में हमें डराया-धमकाया गया। शादी के सारे दस्तावेज पुलिस ने जब्त कर लिए। मेरे घरवालों को जानकारी नहीं दी। रात में मुझे सिविल लाइंस थाने भेज दिया गया। 13 जनवरी की दोपहर 12.30 बजे ओमती पुलिस फिर वापस ले गई। थाने में दबाव बनाया कि आरती से कहो, वह अपने घर चली जाए। मैंने मना करते हुए आरती को कोर्ट में पेश करने को कहा, तो बुरी तरह पीटा गया। 

 हमने 17 जनवरी को एडवोकेट जुनेद खान और सचेंद्र रघुवंशी के जरिए से जबलपुर हाईकोर्ट में हेबियस कॉर्पस रिट दाखिल की। साथ ही गोरखपुर थाने में भी शिकायत की।

गोरखपुर TI ने आरती के घरवालों को लड़की को पेश करने को कहा। 27 जनवरी को आरती का कॉल आया कि उसे जबलपुर लाया जा रहा है। उसी रात वह आ गई। गोरखपुर पुलिस स्टेशन में उसने मेरे साथ रहने की बात कही। रात होने पर आरती को उसके पापा के दोस्त सोनू यादव के घर भेज दिया गया। वहां फिर उसे डराया-धमकाया गया। 28 की सुबह आरती को गोरखपुर पुलिस हाईकोर्ट लेकर पहुंची।

जबलपुर हाईकोर्ट ने 27 साल के गुलजार और 19 साल की आरती साहू को साथ रहने का फैसला सुनाया था। गोरखपुर (जबलपुर) पुलिस को कपल की सिक्योरिटी के आदेश दिए। अब हम जिंदगी की नई शुरूआत करने जा रहे हैं…।

जैसा गुलजार ने बताया

Join Whatsapp 26