कर्मचारी चयन बोर्ड की गलती ने छीनी 2793 नौकरियां:एग्जाम के 12 दिन बाद बदला नियम
जयपुर । जिस राजस्थान में 35 लाख से ज्यादा ग्रेजुएट बेरोजगार हैं, एक-एक सरकारी पोस्ट के लिए लाखों युवा आवेदन करते हैं। वहां किसी सरकारी भर्ती परीक्षा में पोस्ट खाली रहने की बात लाखों युवाओं के गले नहीं उतर रही। लेकिन ये हुआ है कम्प्यूटर अनुदेशक सीधी भर्ती परीक्षा 2022 में। प्रदेशभर में 18 जून को 9862 पोस्ट पर हुई भर्ती परीक्षा में सिर्फ 7069 कैंडीडेट ही बोर्ड ने एलिजिबल घोषित किए हैं। जबकि करीब 2 लाख कैंडिडेट्स ने ये परीक्षा दी थी। अब कुल 2793 पोस्ट खाली रह गई हैं। जिसकी वजह है कैंडिडेट मिनिमम पासिंग मार्क्स ही नहीं ला सके। ये बात भले ही चौंकाने वाली लगे। लेकिन सच ये है कि 2793 पोस्ट खाली नहीं रही बल्कि ये नौकरियां बोर्ड की एक गलती ने छीनी हैं। इसमें सबसे बड़ा रोल अदा किया बोर्ड के लेट लतीफ प्रावधान ने। जो एग्जाम होने के 12 दिन बाद निकाला गया। इसका असर ये हुआ कि हार्ड पेपर में नेगेटिव मार्किंग के डर से कैंडिडेट पूरा एग्जाम अटेम्पट नहीं कर पाए। आखिर भर्ती परीक्षा में बोर्ड ने एग्जाम कराने के 12 दिन बाद नई शर्त क्यों जोड़ी, इसका जिम्मेदार कौन है? ऐसे ही सवालों के जवाब भास्कर ने राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा से लिए साथ ही इस बात की पड़ताल भी की आखिर चूक हुई कैसे प्रदेशमें ऐसी भर्ती परीक्षा पहली बार हुई थी। इस परीक्षा में दोनों पेपर (बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक और सीनियर कम्प्यूटर अनुदेशक) में 40-40 परसेंट मिनिमम पासिंग मार्क्स लाने थे। लेकिन बोर्ड के मुताबिक कैंडिडेट वह भी नहीं ला सके। जो कैंडिडेट पास हुए हैं, इनकी भी पात्रता और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद ही नौकरी लग सकेगी।
18 जून 2022 को बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक सीधी भर्ती-2022 हुई। जिसमें दो पेपर हुए।
1 फरवरी 2022 को निकले भर्ती के विज्ञापन में हर सवाल के गलत उत्तर पर 1/3 (एक तिहाई) मार्क्स की नैगेटिव मार्किंग करने का प्रोविजन रखा गया था। पेपर में 40-40 प्रतिशत मिनिमम पासिंग मार्क्स लाने जैसी कोई अनिवार्यता या शर्त नहीं रखी थी।
ने राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से हुई बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में पोस्ट खाली रह जाने की पड़ताल करते हुए कारण जानने की कोशिश की। तो चौंकाने वाली जानकारी हाथ लगी। सबसे बड़ा कारण बना एग्जाम के 12 दिन बाद निकाला गया संशोधित नोटिफिकेशन। शायद ऐसा पहली बार हुआ है, जब एग्जाम लेने के बाद परीक्षा में कोई नई शर्त जोड़ी गई हो।
दरअसल, 1 फरवरी 2022 को कर्मचारी चयन बोर्ड ने इस भर्ती का विज्ञापन निकाला था। जिसमें हर एक प्रश्न का गलत उत्तर देने पर 1/3 यानी एक तिहाई नैगेटिव मार्किंग होने की बात साफ तौर पर लिखी गई थी। लेकिन बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक के पेपर में 40 परसेंट मिनिमम पासिंग मार्क्स लाने की बात शामिल नहीं थी। 10 मार्च को प्रेस नोट जारी कर 18 और 19 जून 2022 को परीक्षा की तारीख तय की गई थी। 10 जून को एडमिट कार्ड जारी किए गए। साथ ही बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक की भर्ती परीक्षा के दोनों पेपर का समय 18 जून को सुबह 10 से 12 बजे और दोपहर 2.30 से 4.30 बजे कराया गया।