
एसपी तेजस्वी गौतम पर लगा एक और बड़ा दाग, पढि़ए पूरी खबर





रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर)। चूरू की राजनीति का विवादों से काफी पूराना नाता रहा है। एसपी तेजस्वी गौतम को चूरू एसपी पद पर तैनात हुए 9 महीने हो चुके है। तेजस्वी पहली बार बांसवाड़ा में जनवरी 2019 में एसपी पद पर तैनात हुई थी, लेकिन विवादों के चलते 6 महीने के अंदर बांसवाड़ा से तबादला हो गया। ऐसे में चूरू एसपी पद पर दूसरी बार तेजस्वी को चांस मिला, लेकिन राजगढ़ एसएचओ विष्णुदत्त बिश्नोई सुसाइड प्रकरण से एक और दाग लग गया।
नम आंखों से दी विष्णु बिश्नोई को अंतिम विदाई
राजगढ़ में आत्महत्या करने वाले पुलिस अधिकारी विष्णुदत्त बिश्नोई का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव लूणेवाला में रविवार शाम चार बजे कर दिया गया। बिश्रोई समाज की परपंरा के अनुसार शव दफनाया गया।इससे पहले रायसिंहनगर पुलिस के जवानों ने सलामी दी। पुलिस व प्रशासनिक विभाग के उच्चाधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार में जिला कलक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते, जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत शर्मा, विधायक बलवीर लूथरा सहित प्रशासनिक व राजनीतिक क्षेत्र के लोग पहुंचे। इससे पूर्व परिजन विष्णु का शव लेकर करीब तीन बजे गांव लूणेवाला पहुंचे। शव के घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। गांव में हर किसी की आंखों में आंसू छलक पड़े। शव पहुंचने से पहले ही भारी संख्या में लोग विष्णु के पैतृक आवास पर एकत्र हो गए थे।


