
नवंबर महीने में रिकॉर्ड तोड़ सर्दी, जमने लगी बर्फ, आईएमडी ने 5 जिलों में दिया येलो अलर्ट



नवंबर महीने में रिकॉर्ड तोड़ सर्दी, जमने लगी बर्फ, आईएमडी ने 5 जिलों में दिया येलो अलर्ट
जयपुर। राजस्थान में सर्द हवाओं के चलते न्यूनतम पारे में लगातार गिरावट आ रही है। प्रदेश में नवंबर महीने में ही सर्दी रेकॉर्ड तोड़ रही है। माउंट आबू में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य पर आ गया। सवेरे खुले मैदानों में बर्फ की सफेद चादर बिछी देखी गई। सोलर प्लेटों, वाहनों की छतों, खेतों, पेड़-पौधों आदि पर भी बर्फ की परत जम गई। यहां सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। बीते 15 सालों बाद न्यूनतम तापमान नवंबर महीने में शून्य पर आया है। पर्यटन स्थल माउंट आबू में आमतौर पर दिसम्बर महीने में ही न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु पर पहुंचता है। एक दिसंबर 2022 को न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु पर दर्ज किया गया था। इस सीजन में पहली बार पारा शून्य डिग्री पर आने से सवेरे खुले मैदानों में बर्फ की सफेद चादर बिछी नजर आई। सोलर प्लेटों, वाहनों की छतों, खेतों व पेड़-पौधों पर भी बर्फ की परत जम गई। दिन में आसमान के साफ रहने से धूप सेंकने के लिए लोग अपने घरों की छतों, सड़कों के किनारों पर खड़े नजर आए।
वहीं दूसरी ओर सोमवार को कुल 17 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इनमें फतेहपुर में 4.9, सीकर में 5.5, नागौर में 5.6 और लूणकरणसर में 5.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम केंद्र ने मंगलवार को अजमेर, झुंझुनूं, कोटा, सीकर, टोंक जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।




