
चांदी ने बनाया नया ऑल टाइम हाई: सोने की कीमतें भी बढ़ीं, जानिए आज के ताजा रेट!




चांदी ने बनाया नया ऑल टाइम हाई: सोने की कीमतें भी बढ़ीं, जानिए आज के ताजा रेट!
खुलासा न्यूज़। आज यानी 6 जनवरी को चांदी ने नया ऑल टाइम हाई बना लिया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार एक किलो चांदी की कीमत 7,725 रुपए बढ़कर 2,44,788 रुपए प्रति किलो हो गई है। इससे पहले चांदी का भाव 2,37,063 रुपए प्रति किलो था। वहीं सोने की कीमतों में भी मजबूती देखने को मिली है। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 741 रुपए बढ़कर 1,36,909 रुपए पर पहुंच गया है। इससे पहले सोने का भाव 1,36,168 रुपए था। गौरतलब है कि 29 दिसंबर 2025 को सोना 1,38,161 रुपए प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच चुका है।
पिछले 10 दिनों में सोना-चांदी की चाल
बीते 10 दिनों में सोना और चांदी दोनों में उतार-चढ़ाव के साथ तेजी देखने को मिली है। 26 दिसंबर को जहां सोना 1,37,956 रुपए और चांदी 2,28,107 रुपए थी, वहीं 6 जनवरी को सोना 1,36,909 रुपए और चांदी 2,44,788 रुपए पर पहुंच गई। (27-28 दिसंबर और 3-4 जनवरी को साप्ताहिक अवकाश रहा।)
कैरेट के अनुसार सोने के भाव
IBJA के अनुसार 6 जनवरी को 10 ग्राम सोने की कीमत इस प्रकार रही—
24 कैरेट: ₹1,36,909
22 कैरेट: ₹1,25,409
18 कैरेट: ₹1,02,682
14 कैरेट: ₹80,092
बड़े शहरों में सोने के दाम
देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने के भाव 1.38 लाख से 1.40 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के बीच दर्ज किए गए। चेन्नई में सबसे ज्यादा 1,39,970 रुपए, जबकि दिल्ली और जयपुर में 1,38,970 रुपए प्रति 10 ग्राम भाव रहा।
2025 में रिकॉर्ड तेजी
पूरे साल 2025 में सोना करीब 75 फीसदी महंगा हुआ है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम सोना 76,162 रुपए था, जो 31 दिसंबर 2025 तक बढ़कर 1,33,195 रुपए हो गया। वहीं चांदी में और भी ज्यादा उछाल देखने को मिला। चांदी की कीमत 1,44,403 रुपए यानी करीब 167 फीसदी बढ़ी है।
सोने में तेजी के प्रमुख कारण
विशेषज्ञों के अनुसार डॉलर में कमजोरी, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और चीन सहित कई देशों द्वारा रिजर्व बैंक में सोने की भारी खरीदारी के चलते सोने के दामों में तेजी बनी हुई है।
चांदी क्यों हो रही महंगी
चांदी की कीमतों में तेजी का मुख्य कारण इंडस्ट्रियल डिमांड है। सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स में बढ़ते इस्तेमाल के चलते मांग तेज हुई है। इसके अलावा अमेरिका में टैरिफ का डर और मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों द्वारा स्टॉक जमा करना भी कीमतों को ऊपर ले जा रहा है।
आगे और बढ़ सकते हैं दाम
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि चांदी की मजबूत मांग के चलते इसके दाम आगे चलकर 2.75 लाख रुपए प्रति किलो तक जा सकते हैं। वहीं सोना भी साल के अंत तक 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर सकता है।




