
शर्मनाक : भारत के दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियन महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़, युवक गिरफ्तार





शर्मनाक : भारत के दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियन महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़, युवक गिरफ्तार
इंदौर। इंदौर में आईसीसी विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप का मुकाबला खेलने आई ऑस्ट्रेलियन टीम की दो खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने पांच थानों की टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है। घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे खजराना रोड की बताई जा रही है।
दोनों महिला खिलाड़ी होटल रेडिसन ब्लू से पैदल कैफे (द नेबरहुड) की तरफ जा रही थीं। तभी सफेद शर्ट और काली टोपी पहने एक बाइक सवार युवक उनका पीछा करने लगा। कुछ ही देर में आरोपी ने इनमें से एक खिलाड़ी को गलत तरीके से छुआ और मौके से भाग निकला।
घबराई दोनों खिलाड़ियों ने तुरंत टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को मैसेज किया और अपनी लाइव लोकेशन भेजी। जानकारी मिलते ही डैनी सिमंस ने टीम के सुमित चंद्रा से संपर्क कर मदद के लिए कार रवाना कर दी और खिलाड़ियों को सुरक्षित होटल पहुंचाया। दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना-माना नाम हैं।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी अकील की पहचान
सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस की शिकायत पर एमआईजी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने विजय नगर, एमआईजी, खजराना, परदेशीपुरा, कनाड़िया थाने की टीम गठित की। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
आरोपी की पहचान हुई और शुक्रवार शाम को पुलिस ने खजराना निवासी अकील को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि अकील पर पहले से भी आपराधिक केस दर्ज हैं। वह आजाद नगर में रह रहा था। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी क्रिकेट बोर्ड और जिला प्रशासन को भी दे दी है।




