
प्रशासन के साथ हुई कई दौर की वार्ताओं में नहीं निकला नतीजा, 60 साल की उम्र से अधिक छ: लोग बैठे भूख हड़ताल पर







खुलासा न्यूज, बीकानेर। नोखा नवली गेट के पास प्रस्तावित ओवर ब्रिज को लेकर नवली गेट ओवर ब्रिज संघर्ष समिति का धरना जारी है। धरनार्थियों की मांग है कि यहां टी आकार में पुल प्रस्तावित था और वही बनना चाहिए। लेकिन प्रशासन ने जगह की कमी बताते हुए यहां एल आकार में पुल बनाने पर अड़ा हुआ है। इसी मांग को लेकर नवली गेट ओवर ब्रिज संघर्ष समिति के बैनर तले पिछले कई दिनों से धरना दिया जा रहा है। इस दौरान संघर्ष समिति की प्रशासन के साथ कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन वार्ताओं में सकारात्मक निर्णय नहीं निकला। ऐसे में संघर्ष समिति के बैनर तले शनिवार को छ: लोग भूख हड़ताल पर बैठे हैं, जिनमें बद्रीराम, गोपालराम, जुगल तिवाड़ी, राजू तिवाड़ी, लालाराम व रूघाराम शामिल है। जानकारी के अनुसार भूख हड़ताल पर बैठे सभी लोगों की उम्र 60 वर्ष से अधिक है। संघर्ष समिति के संयोजक मगनाराम केड़ली ने बताया कि आगामी 29 जनवरी को नोखा की जनता को साथ में लेकर जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी, जिसमें ईंट से ईंट बजा देंगे। उन्होंने कहा कि कुछ पुंजीपतियों के फायदे को देखते हुए प्रशासन नोखा की जनता के साथ धोखा करने में लगा हुआ है, ऐसा संघर्ष समिति कभी नहीं होने देंगी।


