
कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री का निधन, पुणे में आज होगा अंतिम संस्कार




कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री का निधन, पुणे में आज होगा अंतिम संस्कार
खुलासा न्यूज़। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और कई बार सांसद रहे सुरेश कलमाड़ी का निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। 81 वर्ष की उम्र में उन्होंने मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे पुणे स्थित दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में अंतिम सांस ली। कलमाड़ी के आधिकारिक कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार उनका पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे तक एरंडवणे स्थित कलमाड़ी हाउस में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे वैकुंठ श्मशान, पुणे में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सुरेश शामराव कलमाड़ी का जन्म 1 मई 1944 को हुआ था। वे पुणे लोकसभा सीट से दो बार सांसद चुने गए। राजनीति के साथ-साथ वे खेल प्रशासन में भी एक जाना-पहचाना नाम रहे। वे भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रह चुके थे और वर्ष 2010 में दिल्ली में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स की आयोजन समिति के चेयरमैन भी थे।
अपने राजनीतिक करियर के दौरान कलमाड़ी ने रेल राज्य मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। वे दो बार लोकसभा और तीन बार राज्यसभा के सदस्य रहे। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।




