Gold Silver

बीकानेर: डकैती कांड का सरगना मक्खन मीणा पकड़ा गया, 18 दिन जंगल-पहाड़ की छानी खाक

बीकानेर। पुलिस ने मक्खन गैंग के सरगना हिस्ट्रीशीटर मक्खन मीणा उर्फ मक्खनिया को घटना के 18 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। फतेहपुर सीओ रामप्रताप विश्नोई के अनुसार, आरोपी नीमकाथाना के किशनपुरा क्षेत्र में किसी के घर पर सो रहा था। पुलिस ने दबिश दी, तो मक्खन वहां से भागा। पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। मक्खन मीणा ने गत माह 20 जुलाई की रात में बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ तहसील के मोमासर गांव की बिजली काटने के बाद छह ज्वैलरी की दुकानों में डकैती डाली थी। ग्रामीणों से सामना होने के बाद डकैत भागे। श्रीडूंगरगढ़, चूरू, रामगढ़ शेखावाटी में पुलिस की डकैतों से मुठभेड़ हुई। एक डकैत सुरेश मीणा निवासी सांवलपुरा, अजीतगढ़ की मौत हो गई थी। डकैती की पूरी साजिश सरगना मक्खन मीणा ने ही रची थी। उसने अपने साथ सात अन्य आरोपियों को मिलाया था। डकैत मक्खन के खिलाफ दो दर्जन मामले दर्ज हैं। डकैती के मामले में अभी भी वाहन चालक विक्रम गुर्जर सहित तीन आरोपी फरार चल रहे हैं। घटना के दिन ही पुलिस ने तीन डकैतों को गिरफ्तार कर लिया था। हिस्ट्रीशीटर मक्खन मीणा उर्फ मक्खनिया वहां से भाग निकला था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर पहले भी फरारी जंगलों व पहाड़ों पर काटता रहा है। अजीतगढ़ व नीमकाथाना क्षेत्र के कुछ बदमाश फरारी काटने में हरसंभव मदद भी करते हैं। मक्खन तीन मामलों में वांछित चल रहा है। नागौर के मारोठ थाना क्षेत्र में 50 लाख रुपए से ज्यादा की चोरी की थी। दांतारामगढ़ क्षेत्र में भी चोरी के मामले में और मोमासर में डकैती मामले में फरार था। मक्खन को गिरफ्तार करने में सीकर की डीएसटी टीम, अजीतगढ़ थाना पुलिस, सदर थानाधिकारी सुनील जांगिड़ सहित अन्य अधिकारियों की विशेष भूमिका रही। हिस्ट्रीशीटर बीकानेर दौसा, नागौर सहित अन्य जिलों में रेकी कर कुछ ही घंटे में कई घरों व ज्वैलरी की दुकानों में डकैती करता था। वह चूरू, बीकानेर, रतनगढ़, श्रीडूंगरगढ़, दौसा, नागौर सहित कइ क्षेत्रों में अपने साथियों के साथ डकैती व लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

Join Whatsapp 26