
शादी के 8 दिन बाद ही गहने और रुपए लेकर फरार हुई लूटेरी दुल्हन







शादी के 8 दिन बाद ही गहने और रुपए लेकर फरार हुई लूटेरी दुल्हन
खुलासा न्यूज़। हनुमानगढ़ में शादी के 8 दिन बाद पति को नशीला पदार्थ पिलाकर लुटेरी दुल्हन सोने-चांदी के गहने और रुपए लेकर फरार हो गई। बिहार की रहने वाली लुटेरी दुल्हन से 8 दिन पहले 2 लाख रुपए देकर युवक की शादी हुई थी। इस मामले में शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में भादरा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
पुलिस के अनुसार जयवीर (35) पुत्र रामेश्वर जाट निवासी मुन्दडियाबड़ा पीएस भादरा ने लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी शादी के लिए उसके परिवार वाले रिश्ता देख रहे थे। 18 फरवरी 2025 को उनके घर सुरेश मील पुत्र लादूराम जाट निवासी चक सरदारपुरा बास (मीलों का बास) तहसील नोहर अपने साथ जयप्रकाश पुत्र गिरदावर मील निवासी चक सरदारपुरा बास (मीलों का बास) को लेकर आया। सुरेश मील ने उसके परिजनों को कहा कि उसकी जान-पहचान में एक लड़की संगीता कुमारी पुत्री शंकर शर्मा निवासी ग्राम कटरिया टोला अरजनपुर बिहार है। जिसके साथ वह जयवीर की शादी करवा सकता है। इस शादी के लिए दो लाख रुपए देने होंगे।
सुरेश मील ने उन्हें संगीता कुमारी की फोटो अपने मोबाइल फोन में दिखाई और उसके आधार कार्ड की प्रति व्हाट्सएप कर दी। सुरेश मील ने जयप्रकाश के सामने उन्हें विश्वास दिलाया कि लड़की काफी अच्छी और सुशील है और उसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी रहेगी। इस पर उसने और उसके परिजनों ने आपस में बातचीत की और रिश्ते के लिए हां कर दी। इसके बाद 20 फरवरी को उनके गांव मुन्दडियाबड़ा में सुरेश मील और जयप्रकाश आए। जयप्रकाश के सामने उसने सुरेश मील को 1 लाख 10 हजार रुपए नकद दे दिए। इसके बाद उसने सुरेश मील के कहने पर अपने गांव के सतवीर कस्वां की गाड़ी मंगवाई। सुरेश मील ने कहा कि उसे उसके साथ बिहार संगीता कुमारी के घर चलना होगा।
इस पर सतवीर की गाड़ी में सुरेश मील के साथ वह, कुलदीप नायक निवासी भरवाना, जयप्रकाश, ग्राम कटरिया टोला अरजनपुर बिहार गए। जहां सुरेश मील ने उन्हें संगीता कुमारी से एक होटल में मिलवाया और शेष 90 हजार रुपए की मांग की जो उसने फोन पे के जरिए सुरेश मील के कहे नम्बरों पर ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद सुरेश मील ने कहा कि वह 14 हजार रुपए विवाह का खर्चा और दे। तब उसने उसे 14 हजार रुपए अलग से फोन पे कर दिए। सुरेश मील, जयप्रकाश आदि ने 23 फरवरी उसका संगीता कुमारी के साथ विवाह सम्पन्न करवा दिया। 25 फरवरी को वे वापस गांव मुन्दडियाबड़ा आ गए। 5 मार्च को संगीता कुमारी ने रात में उसे कोई नशीला पदार्थ पिला दिया। इससे वह बेसुध हो गया।
5 मार्च की रात को संगीता कुमारी उसके घर में रखे सोने-चांदी के गहने, एक लाख रुपए नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर अपने साथ ले गई। सुबह जब वह उठा तो घर का सामान बिखरा हुआ था। जेवरात-नकदी सहित अन्य कीमती सामान गायब था और संगीता कुमारी नहीं मिली। जब उसने सुरेश मील को यह बात बताई तो सुरेश मील ने कहा कि वह विवाह करवाने के नाम पर लोगों से रुपए हड़पता है। अब लड़की वापस नहीं आएगी। साथ ही धमकी दी कि उनका बहुत बड़ा गिरोह है। यदि उसने कोई कार्रवाई की तो झूठे मुकदमे में जेल भिजवा देंगे। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर सुरेश मील और संगीता कुमारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच एएसआई महावीर सिंह को सौंपी है।


