
आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने बीकानेर से भरी हुंकार, लिए सात संकल्प, युवाओं से की तैयार रहने की अपील





आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने बीकानेर से भरी हुंकार, लिए सात संकल्प, युवाओं से की तैयार रहने की अपील
बीकानेर। बीकानेर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) बुधवार को बीकानेर की धरती पर अपना सातवां स्थापना मनाया। पोलिटेक्निक कॉलेज मैदान पर हुई सभा व रैली में पार्टी प्रमुख हनुमान बेनीवाल सहित प्रदेशभर से नेता पहुंचे। बेनीवाल ने यहां केक काटा तो कार्यकर्ताओं ने करीब दस मिनट तक आतिशबाजी की। इस मौके पर बेनीवाल ने कहा कि मुझे लोगों ने कहा था कि वसुंधरा आपको कुचल देगी। हुआ ये कि वो खुद दूर हो गई। उन्होंने बीकानेर में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं। देशभर में अपराधों में हम आगे हो गए। उन्होंने कहा कि रामेश्वर डूडी की कमी सभी को खल रही है। उनकी कांग्रेस में दिल्ली तक पकड़ थी। रामेश्वर डूडी का जाना दुखद है।
युवाओं को तैयार रहने की अपील
बीकानेर सभा में बेनीवाल ने कहा कि बहुत लोगों का दिमाग खराब हो गया है। उसे हमें ही ठीक करना है। मुख्यमंत्री भजन लाल को भी हम ही ठीक करेंगे। युवाओं के लिए आरएलपी हर वक्त लडऩे को तैयार है। युवाओं को आह्वान किया कि आप तैयार हो जाओ। हम राजधानी में घुस जाएंगे, विधानसभा में घुस जाएंगे। दिल्ली भी चलना पड़ सकता है। अग्निवीर का पच्चीस परसेंट हिसाब किताब बाकी है। आप सभी तैयार रहो, कभी भी लडऩा पड़ सकता है।
किरोड़ी पर बेनीवाल का हमला
कृषि मंत्री के चक्कर में लोग समझ ही नहीं पाए कि असली कौनसा है और नकली कौनसा है। आपके कारण किसान परेशान हुए। कितने लोगों को जेल में डाला। बीकानेर में मूंगफली का बड़ा घोटाला हो रहा है। खेत किसी का, टोकन किसी को। फसल बीमा के क्लेम में फर्जीवाड़ा हो रहा है। यहां के नेता कंपनियों के मुनीम बन गए हैं। कंपनियों से मिलकर गाडिय़ां खरीद रहे हैं या फिर उनसे गिफ्ट ले लो।
सात साल के सात संकल्प
1. किसानों को कर्ज माफी दिलाना, एमएसपी पर काम करना।
2. युवाओं को अवसर व रोजगार दिलाना। पेपर लीक पर कार्रवाई करना।
3. शिक्षा में सुधार करना, सरकारी स्कूलों को सशक्त बनाना हमारा लक्ष्य है। बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाना।
4. भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और सरकार बनाने का लक्ष्य। हर विभाग में ई-गर्वेनेंस लागू करना। सशक्त लोकायुक्त स्थापित करना।
5. महिला सशक्तिकरण का संकल्प। दुष्कर्म के मामलों का कलंक मिटाना
6. सामाजिक न्याय व सभी समाजों को समान अवसर का संकल्प। दलित, अल्पसंख्यक, किसान या फिर सर्वसमाज का व्यक्ति हो सभी को समान अवसर मिलना चाहिए।
7. नशाखोरी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
बीकानेर से चुनावों की हुंकार
बेनीवाल का ये बीकानेर में शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। स्टेज पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने का सिलसिला दोपहर में शुरू हुआ। दोपहर बारह बजे से शाम साढ़े छह बजे तक कार्यकर्ता पोलिटेक्निक कॉलेज मैदान में बैठे रहे। इंटरनेशनल शूटर और वेटर्न एथलीट पाना देवी भी मंच पर उपस्थित रही, जिनका कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त स्वागत किया।
रामेश्वर डूडी को याद किया
बेनीवाल ने रामेश्वर डूडी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में डूडी की पकड़ दिल्ली तक थी। ऐसे में उनके जाने से बड़ा नुकसान राजस्थान को हुआ है। उन्होंने कहा कि उनका जाना दुखद है, लेकिन ईश्वर के आगे हम नतमस्तक है। पार्टी पदाधिकारियों ने भी संबोधित करते हुए कहा कि रामेश्वर डूडी की कमी हनुमान बेनीवाल दूर करेंगे। बीकानेर की राजनीति में उनकी इस कमी को बेनीवाल ही दूर कर पाएंगे।
जनाधार बढ़ाने की कोशिश!
साल 2018 में स्थापित पार्टी का 7वां स्थापना दिवस बीकानेर में आयोजित करने का राजनीतिक कारण माना जा रहा है। आने वाले स्थानीय निकाय, पंचायत चुनाव पर नजर रखते हुए बेनीवाल बीकानेर में अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश में है। पार्टी बीकानेर के बहाने पश्चिमी राजस्थान की अधिकांश सीटों पर नजर रख रही है।




