Gold Silver

आरजेएस अधिकारी का तालाब में मिला शव, आत्महत्या का अंदेशा

खुलासा न्यूज, जोधपुर। मण्डोर थानान्तर्गत लालसागर तालाब में मंगलवार देर शाम राजस्थान न्यायिक सेवा (आरजेएस) के एक अधिकारी का शव मिला। पुलिस का कहना है कि पिता के सिर में क्लोट का पता लगने के बाद से वो सदमे में थे और संभवत: इसी वजह से तालाब में कूदकर आत्महत्या की। सहायक पुलिस आयुक्त (मण्डोर) राजेन्द्र प्रसाद दिवाकर के अनुसार कीर्ति नगर निवासी प्रखर संदल (37) पुत्र रामनाथ आरजेएस अधिकारी थे और बाड़मेर के चौहटन में पदस्थापित थे। देर शाम करीब छह बजे लालसागर तालाब में उनका शव मिला। आस-पास के लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची। गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकाला गया। परिजन भी मौके पर आ गए। जांच के बाद रात को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पिता के सिर में क्लोट, हालत गंभीर
पुलिस का मानना है कि आरजेएस अधिकारी के पिता रामनाथ संदल निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जाती है। उनके सिर में क्लोट होने की बात सामने आई। इस संबंध में मंगलवार को पता लगने के बाद से वो काफी परेशान थे। फिलहाल अन्य कोई कारण सामने नहीं आया है। अंदेशा है कि इसी वजह से प्रखर ने आत्महत्या की है। वे विवाहित थे और दो बच्चे भी हैं।
क्लास में टॉपर थे, दस साल से थे आरजेएस
जानकारी के अनुसार प्रखर संदल बहुत ही होनहार थे। क्लास में हमेशा टॉप पर रहते थे। दस साल पूर्व आरजेएस में चयन हो गया था।

Join Whatsapp 26