
आठवीं और पांचवीं का रिजल्ट जारी, जानें कितने प्रतिशत रहा रिजल्ट






खुलासा न्यूज नेटवर्क। राजस्थान के सरकारी और प्राइवेट स्कूल से जुड़े करीब 27 लाख स्टूडेंट्स का इंतजार खत्म हो गया है। शिक्षा विभाग ने गुरुवार दोपहर 3 बजे 5वीं और 8वीं क्लास का रिजल्ट जयपुर शिक्षा संकुल में शिक्षा विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने जारी किया, लेकिन तकनीकी कारणों से काफी देर तक वेबसाइट पर अपलोड नहीं हो सका। तकनीकी खामी के बाद वेबसाइट क्रैश हो गई। शिक्षा विभाग के अधिकारी साइट ठीक करने में जुटे रहे। आखिर शाम 7 बजे बाद रिजल्ट दिखना शुरू हुआ। लेकिन वेबसाइट काफी धीरे चल रही है। तकनीकी खामी के बाद शासन सचिव ने ऑफलाइन रिजल्ट जारी किया है।
कक्षा 5 में 14 लाख 35 हजार 696 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें से 13 लाख 93 हजार 423 परीक्षार्थी पास हुए। कुल परीक्षा परिणाम 97.06 प्रतिशत रहा। राजकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 96.79 प्रतिशत रहा। वहीं, निजी विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 97.40 प्रतिशत रहा। 5वीं में छात्राओं का परीक्षा परिणाम 97.23 प्रतिशत, जबकि छात्रों का 96.89 प्रतिशत रहा। यह परीक्षा 33 जिलों के आधार पर आयोजित की गई थी। इसमें दौसा, सीकर, अजमेर, प्रतापगढ़ और चूरू के स्कूलों का परीक्षा परिणाम सबसे अच्छा रहा है। कुल 9538 परीक्षार्थियों का परिणाम विभिन्न कारणों से रोका गया है। इनका परिणाम बाद में जारी किया जाएगा।
8वीं में 11.97 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स पास हुए
कक्षा 8वीं में 12 लाख 50 हजार 800 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। जिनमें से 11 लाख 97 हजार 321 परीक्षार्थी पास हुए। कुल परीक्षा परिणाम 95.72 प्रतिशत रहा। राजकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 94.54 प्रतिशत रहा, जबकि निजी विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 97.38 प्रतिशत रहा। 8वीं में छात्राओं का परीक्षा परिणाम 96.39 प्रतिशत, जबकि छात्रों का 95.14 प्रतिशत रहा। यह परीक्षा भी 33 जिलों के आधार पर आयोजित की गई। इसमें सीकर, दौसा, अलवर, अजमेर, तथा नागौर का परीक्षा परिणाम सबसे अच्छा रहा है। कुल 3550 परीक्षार्थियों का परिणाम विभिन्न कारणों से रोका गया है। इनका परिणाम बाद में जारी किया जाएगा।
ग्रेड वाइज ऐसा रहा रिजल्ट
दोनो परीक्षाओं के परिणाम में ग्रेड दी जाती है। दोनों परीक्षाओं में 5 पाइंट ग्रेडिंग सिस्टम A, B, C, D, E दी जाती है। 5वीं में A ग्रेड- 31.59%, B ग्रेड- 57.33%, C ग्रेड- 8.12% और D ग्रेड 0.01% ने हासिल की। वहीं, 8वीं में A ग्रेड- 21.05%, В ग्रेड- 51.79%, C ग्रेड- 22.69% D ग्रेड- 0.20% स्टूडेंट्स की रही। E ग्रेड वाले परीक्षार्थियों को फिर एक मौका देते उनका सप्लीमेंटरी एग्जाम आयोजित करवाया जाएगा। इसका आयोजन जुलाई माह में किया जाएगा।


