Gold Silver

राजस्थान में 25,750 पदों पर होगी भर्ती, पहली नौकरी पर मिलेंगे 10 हजार, जानें-सीएम भजनलाल की 15 बड़ी घोषणाएं

राजस्थान में 25,750 पदों पर होगी भर्ती, पहली नौकरी पर मिलेंगे 10 हजार, जानें-सीएम भजनलाल की 15 बड़ी घोषणाएं
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में कई बड़ी घोषणाएं कर विभिन्न वर्गों को साधने का प्रयास किया। इन घोषणाओं के साथ ही विधानसभा में वर्ष 2025-26 का बजट पारित कर दिया गया। उन्होंने युवाओं के लिए 25 हजार 750 भर्तियों की घोषणा की, वहीं पहली नौकरी पर एकमुश्त 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दिए जाने की घोषणा की। लखपति दीदी, ड्रोन दीदी व महिला सखियों को सम्मानित कर हर ब्लॉक में 10 महिलाओं को लैपटॉप दिए जाएंगे। पांच हजार गांव गरीबी मुक्त किए जाएंगे।

सीएम ने पानी, सड़क, औद्योगिक निवेश और रोजगार पर विशेष जोर दिया। अब हर वर्ष राजस्थान दिवस 30 मार्च के स्थान पर चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाएगा, इस वर्ष के लिए 25 करोड़ की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री शर्मा ने विधानसभा में वित्त व विनियोग विधेयक पर बहस का जवाब दिया। उनका संबोधन करीब सवा दो घंटे चला।
इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व नगरीय विकास मत्री शांति धारीवाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा सहित विपक्ष के बड़े नेताओं को निशाने पर लिया, वहीं सदन में हंगामा और मर्यादा भंग होने पर चिंता जताई। विधानसभा अध्यक्ष के सदन में आए आंसू का भी जिक्र किया।
बजट की ये बड़ी घोषणाएं

  1. दस हजार स्कूल शिक्षक, 4 हजार पटवारी, पुलिस में 10 हजार व वन विभाग में 1750 कर्मियों की भर्ती।
  2. मंत्रालयिक कर्मचारियों के लिए अलग निदेशालय।
  3. प्रशासनिक इकाई गठन के लिए राज्य स्तरीय परिषद।
  4. सीएनजी और घरेलू गैस पर वैट घटाकर 7.5 फीसदी।
  5. दुर्घटना मुक्त घोषित तीन हाइवे पर ड्राइवरों के लिए विश्राम स्थल व नेत्र जांच केन्द्र।
  6. ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन, ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात सुविधा के लिए 2000 नए परमिट।
  7. मुख्यमंत्री युवा रोजगार प्रोत्साहन योजना’पहली नौकरी पर एकबारीय 10 हजार रुपए।
  8. नए 8 जिलों में पॉलिटेक्निक कॉलेज, मिनी सचिवालय।
  9. जयपुर में जोधपुर आइआइटी का कैंपस खोलने का प्रयास।
  10. 50 नए प्राइमरी स्कूल खोले जाएंगे, 100 स्कूलों को क्रमौन्नत किया जाएगा।
  11. जयपुर, भरतपुर उदयपुर में सेंटर फॅार एडवांस स्किलिंग एंड कैरियर काउंसलिंग के लिए 100-100 करोड़।
  12. दौसा-बांदीकुई और बालोतरा में नगर विकास न्यास (यूआईटी)
  13. 25 नई नगर पालिकाएं, 4 नगर परिषद
  14. 25,000 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे
  15. 250 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट महिला सुरक्षा के लिए
Join Whatsapp 26