
सगे चाचा ने भतीजी को अगवा कर कर डाला सौदा, दोस्तों के साथ मिलकर किया दुष्कर्म






चूरू। राजस्थान के चूरू में गुरुवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 16 साल की लडक़ी को उसके ही सगे चाचा ने अगवा किया। फिर पांच लाख रूपये में सौदा किया। और जब लडक़ी को इसकी भनक लगी तो हैवान बन गया। लडक़ी के साथ अपने तीन दोस्तों के संग चाचा ने गैंगरेप किया।उसके साथ इस दौरान बेरहमी से मारपीट भी की गई।
इस घिनौनी हरकत के बाद पीडि़ता अपने माता-पिता के साथ चूरू के महिला थाने पहुंची। पीडि़ता ने 6 जनों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 366, 376 डी, 370, 323, 328, 343, 511 तथा पॉक्सो की संगीन धाराओं में 4 नामजद सहित 6 जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीडि़ता का चूरू के राजकीय भरतिया जिला अस्पताल में मेडिकल करवाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शहर की एक 16 वर्षीय लडक़ी 28 जून 2021 को अगवा हुई थी। उसका 26 वर्षीय चाचा साजिशाना तरीके से बहलाफुसलाकर अगवाकर हनुमानगढ़ जिले के अपने गांव ले गया। आरोपी चाचा ने बहाना बनाया कि बालिका की चाची बीमार है। इस बीच आरोपी चाचा ने बालिका का पांच लाख रूपये में सौदा तय कर दिया। 24 जुलाई को जब बालिका को भनक लग गई। उसे पता चला कि उसका चाचा पांच लाख रूपये लेकर सरदारशहर के किसी व्यक्ति से उसकी शादी करवाना चाहता है। इसके बाद लडक़ी आरोपी चाचा के चंगूल से निकलकर पैदल ही वहां से भाग निकली।
आरोपी चाचा और उसके साथी ने लडक़ी का पीछा किया। और नहर के किनारे उसे पकड़ लिया। जिसके बाद लडक़ी को गांव घुमडवाली के एक मकान में लाया गया। वहां उसे बंधक बनाकर मारपीट की गयी। और उसे जबरन नशे की गोली देकर चाचा, उसके साथियों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। दुष्कर्म की वारदात के बाद बालिका के शरीर को गर्म लोहे से भी दागा गया। 3 अगस्त को बालिका की ताई ने उसके मां-बाप को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद उसके मां-बाप लडक़ी को चूरू लेकर पहुंचे। जहां लडक़ी ने आपबीती अपनी मां को बताई।


