
अयोध्या की तर्ज पर बीकानेर में बनेगा राम मंदिर, काले पत्थर से साढ़े चार फिट ऊंची बनेगी मूर्ति, निर्माण में लगेगा एक साल




शहर में मनाया गया राम मंदिर प्रथम स्थापना दिवस
बीकानेर। अयोध्या की तर्ज पर बीकानेर में भी भव्य राम मंदिर बनेगा। मंदिर की नींव बुधवार को रखी गई। बता दें कि इसी दिन अयोध्या में राम मंदिर की नींव रखी गई थी। मंदिर का निर्माण गुफा मंदिर सेवा समिति द्वारा करवाया जाएगा, जो अयोध्या में रामलला मंदिर की तर्ज पर बनेगा। समिति के अध्यक्ष हर्ष कुमार जग्गी ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिन की नींव रखी गई थी, उसी तर्ज पर आज 22 जनवरी 2025 को बीकानेर में रामलला मंदिर की नींव रखी गई है। उन्होंने बताया कि इस मंदिर बनाने का उद्देश्य यह है कि जो लोग अयोध्या नहीं जा सकते, वो बीकानेर में ही रामलला के दर्शन कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर का गर्भ ग्रह को अयोध्या राम मंदिर की तर्ज पर बनाया जाएगा। जिसमें काले पत्थर की रामलला की मूर्ति लगेगी, जो साढ़े चार फीट की होगी, मूर्ति कोरियर मार्बल के स्टैंड पर लगेगी, मूर्ति पर स्वर्ण श्रृंगार होगा। बुधवार को नींव कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के टेकचंद बरडिय़ा, भाजपा नेता महावीर रांका, सत्यप्रकाश आचार्य शिव बाड़ी मठ के मठाधीश स्वामी विमर्शानंद जी महाराज सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने विधि-विदान के साथ नींव रखी गई। हर्ष कुमार जग्गी ने बताया कि समिति का लक्ष्य रहेगा कि इस मंदिर का निर्माण एक वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा।
श्री रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर महायज्ञ

खुलासा न्यूज बीकानेर। श्री रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर शिवबाड़ी में श्री राम पूजन व महायज्ञ का आयोजन किया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी नरेश शाकद्वीपीय ने बताया कि महायज्ञ नौ घण्टे चला। जिसमें 108 दंपत्तियों ने हिस्सा लिया और इस महापर्व को प्रति वर्ष मनाया जायेगा। महायज्ञ का श्री गणेश शिवबाड़ी मंदिर के अधिष्ठता विमर्शानंदगिरी महाराज द्वारा किया गया। जिसमे आचार्य पंडित रवि प्रकाश शर्मा और पंडित श्रवण उपाध्याय ने विधि विधान से करवाया गया। आयोजन में पधारे श्रधालुओं ने महायज्ञ मे आहुतियां देकर अवगुण त्यागने का संकल्प लिया। कार्यक्रम मे बजरंग सिंह भाटी, सुरेंद्र सिंह, रामेश्वर जोशी, राजू कुमार, नरेंद्र शर्मा, चंद्र सिंह, एवं माताओं-बहनों ने अपना सहयोग दिया।
रामा हाऊस में मनाया राम मंदिर का प्रथम स्थापना दिवस

खुलासा न्यूज, बीकानेर। अयोध्या में राम मंदिर के स्थापना दिवस पर बुधवार को पुरानी गिन्नाणी स्थित रामा हाऊस में प्रथम वर्षगांठ पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम का लोकप्रिय भजन ‘मेरी झौंपड़ी के भाग खुल जाएंगे राम आएंगे’ पर मातृशक्ति ने भाावविभोर होकर जमकर धार्मिक नृत्य किया। आयोजन कर्ता अलका गुप्ता, निधि गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में सर्वप्रथम रामलला की प्रतिमा का पंचामृत से अभिषेक किया गया। तत्पश्चात छप्पन भोग लगाकर आरती की गई। इस अवसर पर महिलाओं ने पुष्प व इत्र की वर्षा से वातावरण को सुगंधित व आनंदमय बनाने के साथ अंत में आतिशबाजी भी की। मातृशक्ति विनिता अग्रवाल, उमा अग्रवाल, पवित्रा शर्मा, तनुजा शर्मा, अनिता शर्मा, सुमन शर्मा, हंसा बंसल, संध्या गुप्ता, वंदना गुप्ता, सुधा गोयल, पुष्पा अग्रवाल, इंदु अग्रवाल, शोभा अग्रवाल, नीना अग्रवाल रेखा अग्रवाल, चंद्रकला, वंदना अग्रवाल मौजूद थी।
राम मय हुआ सुभाषपुरा

खुलासा न्यूज बीकानेर। श्री राम लला मन्दिर अयोध्या की प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के शुभ अवसर पर आज बीकानेर के सुभाषपुरा में राम दरबार की सजीव झांकी सहित भव्य कलश यात्रा निकाली गई। तत्पश्चात राम कथा स्थल माता जी मंदिर में सुंदरकांड का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पधारकर महानिर्वाणी अखाड़े से पूज्य संत श्री प्रभु जी भारती ने आशीर्वचन कहे। इस शुभ अवसर पर किशन लाल सोनी द्वारा एक प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें सजाई गई हर एक वस्तु प्रभु श्री राम के जीवन से संबंधित अतिदुर्लभ रामदरबार कॉइन, डाक टिकट, तस्वीरें, प्राचीन ग्रंथ व अयोध्या का असली नक्शा तथा बीकानेर स्टेट से संबंधित पुरानी वस्तुएं व सिक्के आदि शामिल थे।


