
राज्यसभा चुनाव परिणाम : हिमाचल में बीजेपी जीती, कर्नाटक में कांग्रेस के तीन, भाजपा का एक प्रत्याशी जीता, अभी इन सीटों पर रिजल्ट बाकी






खुलासा न्यूज, नेटवर्क। राज्यसभा की 15 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सुबह 9 बजे से जारी वोटिंग 4 बजे खत्म हो गई थी। 3 राज्यों उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में मतदान हुआ था। सबसे पहले नतीजे कर्नाटक से आए हैं। कर्नाटक में राज्यसभा की 4 सीटों पर हुई वोटिंग में कांग्रेस के अजय माकन, नासिर हुसैन और जीसी चंद्रशेखर जीते। वहीं बीजेपी के नारायण बंदिगे ने जीत दर्ज की। हिमाचल प्रदेश की एक सीट पर भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन ने कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी को हराया है। दोनों को 34-34 वोट मिले थे। टॉस से विजेता का फैसला हुआ। इधर, क्रॉस वोटिंग की खबरों के बीच हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायकों की बैठक बुलाई है। यहां कांग्रेस के 6 विधायकों और सरकार को समर्थन दे रहे 3 निर्दलीय विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की खबर आई थी। राज्यसभा चुनाव को लेकर 27 फरवरी की सुबह से ही गहमा-गहमी रही। वोटिंग शुरू होने के कुछ देर बाद ही यूपी में सपा के चीफ व्हिप और विधायक मनोज कुमार पांडे ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। वहीं, दोपहर बाद खबर आई कि यूपी में सपा के 7 विधायकों ने एनडीए को वोट दिया है। ये विधायक राकेश पांडेय, राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह, विनोद चतुर्वेदी, मनोज पांडेय, पूजा पाल और आशुतोष मौर्य हैं। हिमाचल में कांग्रेस के एमएलए के भाजपा के पक्ष में पाला बदलने की बात कही जा रही है। मीडिया रिपोर्ट में दावा है कि कर्नाटक में भाजपा विधायक एसटी सोमशेखर ने कांग्रेस उम्मीदवार को वोट दिया। भाजपा के चीफ व्हिप डोड्डनगौड़ा जी पाटिल ने ये जानकारी दी। डोड्डनगौड़ा ने ये भी कहा कि सोमशेखर पर कार्रवाई होगी।


