
राजस्थान के बेरोजगारों को मिली राहत, वित्त विभाग ने दी हरी झंडी, प्रियंका गांधी तक पहुंचे थे बेरोजगार






राजस्थान सरकार प्रदेश में पहली बार कम्प्यूटर अनुदेशक भर्ती को स्थायी करने जा रही है। शनिवार को शिक्षा विभाग ने ट्विट कर इसकी जानकारी दी। स्थायी भर्ती की वित्त विभाग से सहमति मिल चुकी है। अगले सफ्ताह भर्ती से संबंधित प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्रदेश में 10,453 पदों पर नियुक्ति होगी। इस फैसले से बेरोजगारों में नई आस जगी है।
यूपी से लाठियां खाकर लौटे
इस साल जून में सरकार कम्प्यूटर अनुदेशक पद पर संविदा भर्ती करने जा रही थी। इसको स्थायी करने की मांग को लेकर प्रदेशभर के बेरोजगारों ने विरोध शुरू कर दिया था। इस विरोध का गहलोत सरकार पर कोई असर नहीं हुआ। बेरोजगार कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का ध्यान आकर्षित कराने के लिए दिल्ली में प्रदर्शन करने पहुंचे। तब भी कुछ नहीं हुआ तो वे कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मिलने उत्तर प्रदेश पहुंच गए। प्रियंका गांधी से मिल तो नहीं पाए, लेकिन वहां उनकी सिक्योरिटी में लगे जवानों ने बेरोजगारों पर जमकर लाठियां बरसाईं।
प्रियंका गांधी ने कहा तो सरकार ने तुरंत एक्शन लिया
इसके बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राजस्थान के युवाओं को स्थायी नियुक्ति का आश्वासन दिया और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बात की। प्रियंका गांधी के कहने के कुछ समय बाद ही राजस्थान कैबिनेट की बैठक में स्थायी नियुक्ति के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। अब शनिवार को वित्त विभाग ने भी इसकी स्वीकृति के आदेश जारी कर दिए हैं।
संघर्ष किया, युवाओं की जीत हुई
राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने बताया कि लंबे संघर्ष के बाद प्रदेश के युवाओं की जीत हुई है। इन भर्तियों के लिए प्रदेश के सैकड़ों बेरोजगारों ने धरने से लेकर लाठियां तक खाई थी। इसके बाद जाकर सरकार ने यह फैसला लिया है।


