
सर्दी की आहट… अक्टूबर- नवंबर में मौसम का मिजाज…जानिए सर्दी कब छुड़ाएगी धूजणी






सर्दी की आहट… अक्टूबर- नवंबर में मौसम का मिजाज…जानिए सर्दी कब छुड़ाएगी धूजणी
जयपुर। इस साल मानसून के दौरान हुई बंपर बारिश ने अक्टूबर से प्रदेश में सर्दी के मौसम के आगमन का अहसास कराया। लेकिन मानसून की विदाई के साथ ही दिन के तापमान में आए उछाल ने सर्दी की दस्तक पर आंशिक रूप से ब्रेक लगा दिए हैं। हालांकि सुबह शाम में गुलाबी ठंडक लोगों को महसूस हो रही है लेकिन अक्टूबर- नवंबर में कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अक्टूबर में मानसून विदा होने के बाद अब पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने पर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने पर सर्द मौसम के रफ्तार पकड़ने के आसार हैं। फिलहाल प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन में पारा सामान्य से तीन चार डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहने से उमस और गर्मी का जोर बना रहा है। हालांकि अब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से कम दर्ज हो रहा है लेकिन पारा सामान्य से अधिक रहने और हवा में सापेक्षित आर्द्रता 90 फीसदी तक दर्ज होने पर गर्मी और उमस लोगों को बेचैन कर रही है।


