देवीसिंह भाटी की सीएम से अचानक मुलाकात, पढ़ें पूरी खबर - Khulasa Online देवीसिंह भाटी की सीएम से अचानक मुलाकात, पढ़ें पूरी खबर - Khulasa Online

देवीसिंह भाटी की सीएम से अचानक मुलाकात, पढ़ें पूरी खबर

बीकानेर. बीकानेर के पाटों पर गुरुवार रात को अचानक ही चर्चा का केंद्र बदल गया। दरअसल हुआ यूं कि देर रात को खबर मिली कि भाजपा में आने की कोशिशों में लगे वरिष्ठ नेता देवीसिंह भाटी की जयपुर मेंं प्रदेश के मुखिया अशोक गहलोत से मुलाकात हो रही है। मुलाकात का एजेंडा क्या है, इस पर कोई खुलासा नहीं हो सका। हालांकि, कहा गया कि इलाके में अवैध खनन की समस्या को लेकर वरिष्ठ नेता ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। हालांकि, बीकानेर की गलियों समेत तब तक यह खबर लगभग पूरे प्रदेश में फैल चुकी थी कि देवीसिंह भाटी मुख्यमंत्री से मिल रहे हैं। गौरतलब है कि वरिष्ठ नेता देवी सिंह भाटी केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के विरोधी खेमे के माने जाते हैं। गाहे बगाहे उनके बयानों में और अर्जुनराम मेघवाल की बोली में भाषाई तल्खी भी साफ महसूस की जाती है। पिछले कई दिनों से भाजपा में वरिष्ठ नेताओं समेत कुछ नए चेहरों के शामिल होने की चर्चा थी। मिर्धा परिवार की ज्योति मिर्धा समेत कई अन्य नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बाद देवी सिंह भाटी को लेकर भी चर्चा चली थी। इसी बीच देवीसिंह भाटी ने गुरुवार रात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात की। सीएमआर में रात को अचानक मुलाकात ने बीकानेर समेत प्रदेश के राजनीतिक हलके में खलबली मचा दी। विधायक कैलाश मेघवाल के अर्जुनराम पर हमलावार होने के बाद अब देवीसिंह भाटी की मुख्यमंत्री गहलोत से मुलाकात के कई मायने निकाले जाने लगे। सूत्रों के मुताबिक भाटी को गहलोत ने सीएमआर में मिलने के लिए बुलाया। पांच मिनट इंतजार के बाद भाटी की यहां पिछले दरवाजे से मुलाकात हुई। यूं तो इस मुलाकात में अवैध खनन को लेकर बातचीत होने की चर्चा है। इसके अलावा क्या सियासी बातचीत हुई, इसको लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। इससे पहले भाटी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर चुके हैं।
error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26