
बंपर तबादलों के जरिए सरकार ने बदल डाला प्रशासनिक स्वरूप







बंपर तबादलों के जरिए सरकार ने बदल डाला प्रशासनिक स्वरूप
जयपुर। सरकारी कर्मचारियों के ट्रांसफर से हटाए गए बैन की समय सीमा के अंतिम दिन भजनलाल सरकार ने बंपर तबादलों के जरिए पूरा प्रशासनिक स्वरूप ही बदल दिया है। इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारियों के हुए तबादलों को आगामी लोकसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा है कि लोकसभा चुनाव से पहले भजनलाल सरकार सभी विभागों में पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के समय से जमे अधिकारी-कर्मचारियों को इधर-उधर करना चाहती है। सत्तारूढ़ दल के विधायकों ने मुख्यमंत्री से कर्मचारी-अधिकारियों की अदला-बदली करने की मांग की थी। इसी के चलते 10 फरवरी से 20 फरवरी तक तबादलों से बैन हटाया गया था, बाद में तबादलों की समय सीमा 22 फरवरी तक बढ़ा दी गई थी। कार्मिक, चिकित्सा, ऊर्जा, जलदाय, सार्वजनिक निर्माण विभाग, परिवहन, जेल और पुलिस महकमा में बड़ी संख्या में ट्रांसफर हुए। ब्यूरोक्रेसी में 394 आरएएस और 24 आईपीएस की सूची जारी की गई। चिकित्सा विभाग में 800 से ज्यादा तबादले हुए हैं जिनमें 250 प्रशासनिक चिकित्सा अधिकारी हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग में भी 500 से ज्यादा कार्मिकों को इधर-उधर किया गया। परिवहन विभाग में भी 300 से ज्यादा तबादले हुए हैं, जिनमें 150 परिवहन निरीक्षक और डीटीओ भी शामिल हैं।


