
एक्शन में सीएम भजनलाल: 59 वादे पूरा करने के लिए भाजपा सरकार ने बनाया ऐसा बड़ा प्लान







एक्शन में सीएम भजनलाल: 59 वादे पूरा करने के लिए भाजपा सरकार ने बनाया ऐसा बड़ा प्लान
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी पार्टी के घोषणा-पत्र को सरकारी दस्तावेज बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। समयबद्ध तरीके से लागू करने का प्लान भी तैयार किया जा रहा है। इसके लिए पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों और मुख्यमंत्री के बीच मंत्रणा हो चुकी है। जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पिछले दो दिनों में दो बार यह बात दोहराई है। भाजपा ने घोषणा-पत्र को 9 भागों में बांटा हैं, जिसमें करीब 59 घोषणाएं हैं। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में भी घोषणा-पत्र को सरकारी दस्तावेज बनाया था। भाजपा शुरू से ही कहती रही कि घोषणा पत्र में वही वादे किए गए हैं, जिन्हें पांच साल में पूरा किया जा सकता है। इसके लिए पैसा कहां से आएगा, इस पर पूर्व विधायक राव राजेन्द्र सिंह ने होमवर्क किया था। वहीं भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और केंद्र सरकार ने भी इस पर काम किया है। घोषणा-पत्र में जो वादे किए गए हैं, उनकी विभागवार सूची भी तैयार की जा रही है। संबंधित विभाग से जुड़े विशेषज्ञों से चर्चा की जाएगी, जिससे लागू करने में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आए। सीएम हर स्तर पर होमवर्क कर रहे हैं। घोषणा-पत्र तैयार करने के लिए भाजपा ने चुनाव से पहले रथ यात्रा निकाली थी, जिसके जरिए 1 करोड़ 3 लाख सुझाव मिले थे। पांच वर्षों में राजस्थान को 350 बिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के आधार पर भी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।


