Gold Silver

बिजनेसमैन और पत्नी को बंधक बनाकर 60 लाख की डकैती, बेटे गए हुए थे रामदेवरा

बिजनेसमैन और पत्नी को बंधक बनाकर 60 लाख की डकैती, बेटे गए हुए थे रामदेवरा
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में बुधवार देर रात 12:49 बजे 7 बदमाशों ने व्यापारी के घर में घुसकर करीब 60 लाख की डकैती कर ली। बदमाशों ने पति-पत्नी को बंधक बनाकर करीब डेढ़ घंटे तक घर में लूटपाट की। मामला पदमपुर में धानमंडी रोड इलाके का है। वारदात के समय दंपती घर में अकेले थे। एसएचओ सुरेंद्र राणा ने बताया- टायर बिजनेसमैन बृजलाल खींची का घर पदमपुर कस्बे में धानमंडी रोड पर है। बुधवार रात 12 बजकर 49 मिनट पर 7 बदमाशों ने उनके घर का गेट खटखटाया। बृजलाल खींची सो रहे थे। गेट खटखटाने की आवाज से वे उठे और किसी परिचित के होने की संभावना से गेट खोल दिया। थोड़ा-सा गेट खोलते ही बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। इससे उनकी नाक पर चोट आई। आवाज सुनकर बृजलाल की पत्नी सावित्री भी जाग गईं। वह गेट पर आईं। वहां के हालात और घायल बृजलाल को देखकर वह घबरा गईं। उन्होंने बदमाशों को मारपीट करने से रोका तो आरोपियों ने दोनों को बंधक बना लिया। उनके हाथ-पैर बांध दिए।

अलसुबह करीब 3 से 3:30 बजे के बीच सभी बदमाश भाग गए तो बृजलाल ने किसी तरह खुद को संभाला। अपने और पत्नी के हाथ-पैर खोले। अस्पताल जाने के बाद दंपती ने पुलिस को सूचना दी थी। जानकारी के अनुसार, घायल हालत में पति-पत्नी दोनों कार से पदमपुर के अस्पताल पहुंचे और अपने साथ हुई वारदात की जानकारी दी। बृजलाल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। बृजलाल ने अपने परिचितों को सूचना दी। परिचितों ने उन्हें श्रीगंगानगर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया।

दो बेटे रामदेवरा गए थे, एक अहमदाबाद में है
दंपती के तीन बेटे डॉ. अजय खींची, विकास खींची और पंकज खींची हैं। इनमें अजय और विकास रामदेवरा यात्रा पर गए हुए थे, जो सूचना मिलते ही रामदेवरा से लौट आए। वहीं पंकज अहमदाबाद में है। व्यापारी बृजलाल का टायर सेल का बिजनेस है।

Join Whatsapp 26