
अवैध खनन माफियाओं में दहशत, राजस्थान सरकार के 5 विभाग मिलकर आज से चलाएंगे राज्यव्यापी अभियान





अवैध खनन माफियाओं में दहशत, राजस्थान सरकार के 5 विभाग मिलकर आज से चलाएंगे राज्यव्यापी अभियान
जयपुर। अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ राजस्थान सरकार ने बिगुल फूंक दिया है। भजनलाल शर्मा सरकार ने अवैध खनन करने वाले लोगों को चेताया है कि खनन नियमानुसार करें नहीं तो सख्त कार्रवाई तय है। सीएम भजनलाल की घोषणा के बाद अवैध खनन माफियाओं में दहशत फैल गई है। 15 जनवरी मकर संक्रांति के दिन राजस्थान सरकार के 5 विभाग मिलकर विशेष राज्यव्यापी अभियान चलाएंगे। जिसमें खान, राजस्व, पुलिस, परिवहन और वन विभाग संयुक्त रुप से हिस्सा लेंगे। यह अभियान 15 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा। अभियान का संचालन जिला कलक्टर के समन्वय से किया जाएगा और जिला कलक्टर के माध्यम से प्रतिदिन प्रगति से अवगत कराया जाएगा। खान सचिव आनन्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में अवैध खनन गतिविधियों पर समूल रोक लगाई जानी है। खान सचिव आनन्दी ने बताया कि राजस्थान में सर्वाधिक अवैध खनन गतिविधियां बजरी और मेसेनरी स्टोन की होती है। इसमें अवैध खनन, परिवहन और भण्डारण शामिल है। परस्पर समन्वय सहयोग से अभियान को सफल बनाया जाना है।

