
बीकानेर: कांग्रेस से इतने नेताओं की छुट्टी तय, बंद लिफाफे में सौंपे नाम






बीकानेर: कांग्रेस से इतने नेताओं की छुट्टी तय, बंद लिफाफे में सौंपे नाम
बीकानेर। विधनसभा और लोकसभा चुनावों के बाद अब कांग्रेस एक्शन में आ गई है। चुनाव के दौरान निष्क्रिय रहे नेताओं पर अब गाज गिरनी तय है। इसको लेकर जिलाध्यक्षों को नाम भी सौंप दिए गए है। मिली जानकार के अनुसार चुनाव के दौरान भितरघात करने वाले कांग्रेस के 16 नेताओं के नाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को बंद लिफाफे में दिए गए। 56 ऐसे नाम भी है जो जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक और मंडल स्तर की कार्यकारिणी में तो हैं पर निष्क्रिय हैं। एक तीसरी सूची भी दी गई जिसमें सक्रिय कार्यकर्ता हैं लेकिन टीम में नहीं हैं। इन सूचियों के आधार पर आने वाले समय में कुछ नेताओं पर गाज गिर सकती है तो कुछ तो प्रमोट भी किया जा सकता है। दरअसल गुरुवार को जयपुर में प्रदेश भर के जिलाध्यक्षों को जयपुर बुलाया गया। मीटिंग हुई।
इसमें देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत पहुंचे। कांग्रेस के वाररूम में मीटिंग हुई। मीटिंग में वर्तमान में जिलों में कांग्रेस की स्थिति के बारे में जाना गया। सूत्र बताते हैं कि शहर और देहात की जो रिपोर्ट प्रदेश को सौंपी गई उसमें जिले में कांग्रेस की स्थिति ठीक नहीं आंकी गई। उसकी वजह है कि देहात के पांच में से सिर्फ एक ही विधायक कांग्रेस से है। बावजूद इसके इकलौते विधायक की जो सक्रियता होनी चाहिए वो नहीं है और उससे पार्टी की दशा ठीक नहीं है। देहात से संगठन के 56 निष्क्रिय पदाधिकारियों की छुट्टी करने की छूट प्रदेश से जिलाध्यक्ष को मिल गई है। जल्दी ही ब्लॉक और मंडल की मीटिंग के बाद निष्क्रिय सदस्यों को टीम से बाहर कर उन कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाएगा तो सक्रिय हैं। बीकानेर से जुड़े प्रदेश के भी कई और नेता इस मीटिंग में मौजूद थे।


