
राजस्थान भाजपा में हो सकता है उपचुनाव से पूर्व बड़ा बदलाव!






राजस्थान भाजपा में हो सकता है उपचुनाव से पूर्व बड़ा बदलाव!
जयपुर। लोकसभा चुनाव 2024 में 11 सीटें bjp के हाथ से फिसल गई। पर सूबे में 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। तैयारियां पूरे जोर शोर से चल रही है। भाजपा ने इन 5 विधानसभा सीट को अपनी नाक का सवाल बना लिया है। उपचुनाव की सीटों पर भगवा परचम लहराने के लिए अब भाजपा प्रदेश में जातिगत फार्मूले को आजमाना चाहती है। जिसके लिए वह राजस्थान भाजपा में कुछ बड़ा बदलाव कर सकती है। राजनीति के गलियारों में चर्चा है कि राजस्थान में अध्यक्ष, प्रभारी और उपाध्यक्ष को बदलने की भाजपा आलाकमान तैयारी कर रही है। उधर राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी ने उपचुनावों में सभी 5 सीटों पर जीत का दावा किया है। साथ में यह संकेत दिए हैं कि संगठन में कोई बदलाव नहीं होगा। अब अगर गौर करें तो आंकड़ों के अनुसार जिन 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं, उनमें झुंझुनूं और नागौर सीट जाट जाति प्रभाव है। वहीं दूसरी तरफ एसटी बाहुल्य सीटों में देवली-उनियारा, चौरासी और दौसा हैं। पर अगर भाजपा संगठन में एक नजर दौड़ाई जाए तो ढेर सारे पदों की जिम्मेदारी एक ही जाति के लोग निभा रहे हैं। जिसमें प्रदेशाध्यक्ष, उपाध्यक्ष से लेकर कार्यालय प्रभारी, मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया और आईटी हेड के पद हैं।


