
वसुंधरा राजे समेत राजस्थान के नेताओं को ‘अचानक’ बुलाया दिल्ली, जानें क्या है बड़ी वजह?






वसुंधरा राजे समेत राजस्थान के नेताओं को ‘अचानक’ बुलाया दिल्ली, जानें क्या है बड़ी वजह?
जयपुर। राजस्थान भाजपा की नज़र अगले कुछ दिनों तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की ओर ही टिकी रहेंगी। दरअसल, टिकट वितरण की शेष रही प्रक्रिया अब दिल्ली में ही पूरी होगी। केंद्रीय संगठन के तमाम आला नेता ‘हाई लेवल’ बैठकें कर इस प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगे। नामों पर मुहर लगने के बाद पहली सूची जारी कर दी जायेगी। जानकारी के अनुसार रविवार को प्रस्तावित भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक से पहले राजस्थान के नेताओं की बैठक होगी। इस बैठक के लिए राजस्थान के कई नेता आज दिल्ली में जुटने जा रहे हैं। इनमें पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और अर्जुन राम मेघवाल के अलावा कई अन्य भाजपा नेता शामिल रहेंगे। राजस्थान के नेताओं के साथ प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी और संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पूर्व आज केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय महामंत्री बी एल संतोष आज राजस्थान के नेताओं की बैठक ले सकते हैं।


