जेल से भागे कैदी पाकिस्तान जाने की फिराक में थे तभी चढ़े पुलिस के हत्थे, अब तक 3 दबोचे, 13 बाकी - Khulasa Online जेल से भागे कैदी पाकिस्तान जाने की फिराक में थे तभी चढ़े पुलिस के हत्थे, अब तक 3 दबोचे, 13 बाकी - Khulasa Online

जेल से भागे कैदी पाकिस्तान जाने की फिराक में थे तभी चढ़े पुलिस के हत्थे, अब तक 3 दबोचे, 13 बाकी

जोधपुर। जोधपुर जिले के फलोदी जेल से पांच अप्रैल को फरार हुए सोलह बंदियों में से दो बंदियों को पुलिस ने गुरुवार सुबह दबोच लिया। एक बंदी पहले और इन सभी को भगाने वाला मास्टर माइंड पहले ही पकड़ में आ चुका है। इस तरह अब तक कुल तीन बंदी पकड़ में आ चुके हैं। आज गुरुवार को पकड़ा गया एक बंदी पाकिस्तान भागने की फिराक में था। उसे जैसलमेर के सीमावर्ती मोहनगढ़ क्षेत्र से पकड़ा गया है। जबकि दूसरे को जोधपुर जिले के जांबा पुलिस थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार यह अवैध रूप से सीमा पार करके पाकिस्तान भागने की तैयारी में था। फलोदी जेल से फरार हुए 16 बंदियों में हत्या के मामले में जेल में बंद शौकत अली को आज जैसलमेर जिले के नहरी क्षेत्र मोहनगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। जैसलमेर व फलोदी पुलिस की स्पेशल टीम ने सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर मोहनगढ़ क्षेत्र के मंडाउ गांव में दबिश देकर एक ढाणी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे शरण देने वाले अमरे खान को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जोधपुर जिले के जांबा पुलिस थाना क्षेत्र से आज एक अन्य बंदी राजकुमार को भी पकड़ लिया। इन दोनों को फलोदी लाया जा रहा है। दोनों से पूछताछ में अन्य बंदियों के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस के अनुसार ये दोनों बंदी रेगिस्तानी क्षेत्र में लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। पुलिस लगातार इनके पीछे लगी थी, लेकिन ये बेहद चालाकी के साथ अपना ठिकाना बदलते रहे। इस कारण पुलिस को इन दोनों तक पहुंचने में काफी समय लग गया।
उल्लेखनीय है कि पांच अप्रैल की रात फलोदी जेल के प्रहरियों के साथ मिलीभगत कर कुछ बंदी भाग निकले। इन बंदियों के साथ कुछ अन्य बंदी भी हो लिए। मूल योजना सात बंदियों के भागने की थी, लेकिन नौ अन्य साथ में हो लिए। जेल से बाहर निकलते ही इनके लिए दो वाहन तैयार खड़े थे। इनमें सवार होकर ये सभी लोग भाग निकले। तीन दिन पूर्व पुलिस ने बीकानेर क्षेत्र से एक बंदी को गिरफ्तार किया था।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26