
बीकानेर/महिला से रेप के मामले में उम्रकैद काट रहा कैदी पैरोल से फरार






खुलासा न्यूज, बीकानेर। महिला से रेप के मामले में उम्रकैद काट रहा मुजरिम पैरोल से फरार हो गया। कैदी को दौसा जेल से पिछले साल 30 दिन का पैरोल मिला था। लेकिन पैरोल अवधि पूरी होने के बाद भी जब वह नहीं लौटा तो पुलिस ने तलाश शुरू की। अब बीकानेर पुलिस ने उसे पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। पैरोल पर छूटने के बाद आरोपी पंजाब रूट के ट्रकों पर ड्राइवरी और खलासी का काम करने लगा था। गिरफ्तार युवक प्रदीप सिंह उर्फ बिट्टू आदतन अपराधी है।
खाजूवाला एसएचओ अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि प्रदीप को रेप के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। जिसे बाद में बीकानेर जेल भेज दिया गया। दौसा में नई जेल बनने पर उसे वहां शिफ्ट कर दिया गया। दौसा जेल से ही उसे पैरोल पर छोड़ा गया था। पैरोल की अवधि खत्म होने के बाद भी वो जेल नहीं पहुंचा। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ जेल से फरार होने का मामला दर्ज कर लिया।


