
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हेलिकॉप्टर गड्ढे में फंसा, पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने निकाला


















राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हेलिकॉप्टर गड्ढे में फंसा, पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने निकाला
खुलासा न्यूज़। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को केरल दौरे पर थीं, जब उनका हेलिकॉप्टर उतरने के बाद हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना का MI-17 हेलिकॉप्टर केरल के पथानामथिट्टा स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में उतरने के दौरान गड्ढे में फंस गया।
बताया जा रहा है कि हेलीपैड जल्दबाजी में बनाया गया था और कंक्रीट पूरी तरह सूखा नहीं था, जिसके कारण हेलिकॉप्टर का भार जमीन नहीं झेल सका और एक ओर झुक गया। मौके पर मौजूद पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हेलिकॉप्टर को धक्का देकर गड्ढे से बाहर निकाला।
दरअसल, राष्ट्रपति मुर्मू को सबरीमाला मंदिर में दर्शन करने जाना था। पहले हेलिकॉप्टर की लैंडिंग निलक्कल (पंबा के पास) तय थी, लेकिन खराब मौसम के चलते स्थान बदलकर प्रामदम कर दिया गया था। हादसे के बावजूद राष्ट्रपति मुर्मू ने बिना देरी के सड़क मार्ग से यात्रा जारी रखी।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति मुर्मू ने आज भगवान अय्यप्पा के सबरीमाला मंदिर में दर्शन किए। वे इस मंदिर में दर्शन करने वाली देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनीं। इससे पहले 1970 के दशक में पूर्व राष्ट्रपति वी.वी. गिरी ने इस मंदिर का दौरा किया था।
राष्ट्रपति मुर्मू गुरुवार को राज भवन में पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी और इसके बाद वर्कला स्थित शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु की महा-समाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगी।

