यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, कईयों को लिया हिरासत में

यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, कईयों को लिया हिरासत में

खुलासा न्यूज नेटवर्क। राजीव गांधी युवा मित्रों को फिर से रोजगार देने और किसान सम्मान की मांगों को लेकर आज यूथ कांग्रेस ने जयपुर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ी तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास भी शामिल हुए। दरअसल, कार्यकर्ता शहीद स्मारक से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस से उनकी झड़प हो गई। पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। इससे पहले सुबह यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहले शहीद स्मारक पर एकत्रित हुए। यहां पर सभा का आयोजन किया गया। इसमें यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते कहा कि इन लोगों ने झूठे वादे कर सरकार बनाई। सरकार बनने के बाद एक भी वादा पूरा नहीं किया। इन्होंने 2014 में कहा कि सबके खाते में 15-15 लाख रुपए आ जाएंगे, लेकिन नहीं आए।

यूथ कांग्रेस की ये मांगें

– 5 हजार राजीव गांधी युवा मित्रों को फिर से रोजगार दिया जाए।
– किसानों से सरकार बात करे और उनकी सभी बातें मानी जाएं।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि राज्य सरकार ढाई महीने में ही अपना विश्वास खो चुकी है। जो वायदे सरकार ने युवाओं और किसानों से किए थे, उस पर वो खरा नहीं उतर रही है। प्रदेश में बेरोजगार युवाओं के लिए किसी तरह की नौकरी की व्यवस्था नहीं की गई है।
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता शहीद स्मारक पर सभा के बाद सीएम आवास का घेराव करने के लिए निकले थे। यहां पर पुलिस ने पहले ही बैरिकेडिंग कर रखी थी, जिसको तोड़ते हुए प्रदर्शनकारी आगे बढ़े। कमिश्नरेट के आगे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को फिर रोका, जहां उनकी पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया, हालांकि कुछ देर बाद उनको छोड़ दिया।

Join Whatsapp
खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |