
पुलिस ने तंत्र-मंत्र से एक करोड़ के 33 करोड़ करने वाले दो ठगों को दबोचा, हलवा खिलाकर किया था बेहोश







पुलिस ने तंत्र-मंत्र से एक करोड़ के 33 करोड़ करने वाले दो ठगों को दबोचा, हलवा खिलाकर किया था बेहोश
बीकानेर। जिले के खाजूवाला थाना तंत्र मंत्र की विद्या से रुपए दुगने करने की बात कर लाखों रुपये लूटकर भागने वाले दो ठगों को पुलिस ने दबोचा लिया। जानकारी के अनुसार 1 करोड़ के 33 करोड़ करने का झांसा देकर रुपए लूटने वाले दो ठगों को गिरफ्तार किया गया है। इनका सगरना (तांत्रिक) फरार है। कर्नाटक के रहने वाले तांत्रिक ने अपने 5 साथियों के साथ किसान के घर आकर तंत्र क्रिया की थी। इसके बाद हलवे के प्रसाद में बेहोशी की गोलियों को मिलाकर खिला दिया।
इसके बाद पीडि़त सहित तांत्रिक के ही दो साथियों की मौत हो गई। पीडि़त ने सरकारी डॉक्टर और मेडिकल स्टोर संचालक से लेकर 50 लाख रुपए तांत्रिक को दिए थे। पुलिस जांच कर रही है कि तांत्रिक के दो साथियों की मौत कैसे हुई। मामला खाजूवाला थाना इलाके का है।
सीओ अमरजीत सिंह ने बताया- तांत्रिक कर्नाटक का रहने वाला एम.शिवा है। उसकी गैंग में शैतान सिंह, विक्रम सिंह, रामस्वरूप और मनोज थे। इनमें से रामस्वरूप और मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं शैतान सिंह, विक्रम सिंह सहित पीडि़त किसान गफ्फार की मौत हो गई। गैंग के दो सदस्यों की मौत कैसे हुई, इसकी जांच चल रही है।
सीओ ने बताया- तांत्रिक के जाल में फंसा गफ्फार खाजूवाला (बीकानेर) का रहने वाला है। वह अजमेर के रहने वाले शैतान सिंह और विक्रम सिंह के संपर्क में आया था। दोनों ने गफ्फार को कर्नाटक के एम.शिवा नाम के तांत्रिक के बारे में बताया था। कहा था कि वह तंत्र-मंत्र से 1 करोड़ रुपए के 33 करोड़ रुपए कर सकता है।
सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने दिए 45 लाख रुपए
गफ्फार की बातों में आकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. पूनाराम ने अपने साले से लेकर 45 लाख रुपए दे दिए। पुलिस जांच कर रही है कि पूनाराम ने भी रुपए 33 गुना बढ़ाने के लिए दिए थे या फिर किसी अन्य काम के लिए दिए थे। इसके अलावा मेडिकल स्टोर संचालक राजेंद्र पूनिया ने भी 5 लाख रुपए दिए थे। इसी तरह कई लोगों ने उसे पैसा दे दिया।
गफ्फार ने दो बार डबल करवाए रुपए
ठगों ने गफ्फार को अपने जाल में फंसाने के लिए दो बार रुपए डबल कर धोखा दिया। गफ्फार ने एक बार शैतान सिंह के माध्यम से 50 हजार रुपए तांत्रिक के पास भेजे थे। इस पर उसे 50 हजार के बदले एक लाख रुपए वापस दिया गया। 1 लाख रुपए दिए तो उसे 2 लाख रुपए वापस मिल गए। इस कारण उसका विश्वास जम गया।
12 जून इस दिन भी देर रात तक तंत्र क्रिया की। रात को एम.शिवा और उसके साथियों ने प्रसाद तैयार किया। रात करीब 2 बजे प्रसाद वितरण के बाद तांत्रिक और उसके चारों साथी भाग गए।
तांत्रिक फरार, दो को पकड़ा
पुलिस ने सलमान का बयान लिया था। इसके बाद जांच करते हुए शुक्रवार देर रात मेड़ता रेलवे स्टेशन से जोधपुर निवासी रामस्वरूप और झारखंड निवासी मनोज को हिरासत में लिया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि कर्नाटक का एम. शिवा इनके साथ नहीं था। ऐसे में आशंका है कि वो किसी दूसरे रास्ते से फरार हुआ है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसका भी पीछा कर रही है।


